लॉ छात्रा अपहरण मामले में लड़की का बड़ा खुलासा,कहा-जबरदस्ती उठा ले गया था आरोपी, पिस्टल के दम पर बनाया था Video
Saturday, May 09, 2026-03:02 PM (IST)
ग्वालियर (अंकुर जैन): ग्वालियर में लॉ छात्रा अपहरण मामले में आए दिन नए खुलासे हो रहे हैं । पहले आरोपी जीतू तोमर ने लड़की के साथ एक वीडियो जारी करके कहा था कि वो और लड़की मर्जी से गए हैं, क्योंकि उनका ढाई साल का प्यार है। इस दौरान आरोपी जीतू तोमर ने कहा था कि हम जल्द ही वापिस लौटेंगे इसलिए उसके घरवालों को परेशान न किया जाए।
आरोपी जीतू तोमर जबरदस्ती उठाकर ले गया था-लडकी बोली
अब इस मामले में एक और नया मोड़ आ गया है। दरअसल जिस लड़की को अगवा करने की बातें कहीं जा रही हैं वो सामने आई है औऱ उसने अपना पक्ष रखा है। छात्रा ने पुलिस में बयान दर्ज कराया है और बड़ा खुलासा किया है। लड़की ने कहा है कि आरोपी जीतू तोमर जबरदस्ती से उठाकर ले गया था।

लड़की ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि आरोपी जीतू तोमर ने उसके साथ वीडियो जबरदस्ती गन दिखाकर बनवाया था। लड़की ने कहा है कि आरोपी ने वीडियो बनाने के लिए कहा था कि अगर तुम वीडियो में कुछ बोल न सको तो "केवल हंस देना"। इस तरह से उसने वीडियो बनाया था।
बुधवार को महात्मा गांधी लॉ कॉलेज के सामने से हुआ था छात्रा का अपहरण
आपको बता दें कि बुधवार को महात्मा गांधी लॉ कॉलेज के सामने से छात्रा का अपहरण हुआ था, जिसके बाद सनसनी फैल गई थी। इसके बाद छात्रा के साथ आरोपी जीतू तोमर ने एक वीडियो जारी किया था और छात्रा को अपनी मर्जी से उसके साथ आने का दावा किया था। वहीं पुलिस ने कानपुर उरई के बीच से छात्रा को बस से बरामद किया था और आरोपी जीतू तोमर को पकड़ा था। इस दौरान आरोपी से एक अवैध पिस्टल भी बरामद हुई थी। लिहाजा अब लडकी ने खुद ही सारे मामले का पटाक्षेप कर दिया है।

