खैरागढ़ में पुलिस की बड़ी सफलता, आदतन महिला गांजा तस्कर गिरफ्तार
Wednesday, Feb 11, 2026-04:06 PM (IST)
खैरागढ़ (हेमंत पाल) : खैरागढ़ जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना गंडई पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। आदतन गांजा तस्करी में संलिप्त महिला के विरुद्ध PIT NDPS अधिनियम के तहत निवारक निरोध की कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है।
गंडई पुलिस के अनुसार, मेहरूननिशा पति इस्माईल खान निवासी वार्ड क्रमांक 08 महरापारा गंडई के विरुद्ध पूर्व में भी गांजा बिक्री के दो प्रकरण दर्ज हैं। वर्ष 2023 में अपराध क्रमांक 105/23 धारा 20 ख एनडीपीएस एक्ट तथा वर्ष 2025 में अपराध क्रमांक 190/25 धारा 20 ख एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, महिला लगातार अवैध रूप से गांजा बिक्री में लिप्त थी और आदतन तस्करी कर रही थी। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से उसके विरुद्ध PIT NDPS अधिनियम की धारा 3 एक के तहत प्रकरण तैयार कर आयुक्त न्यायालय दुर्ग में प्रस्तुत किया गया।
माननीय आयुक्त न्यायालय दुर्ग ने 9 फरवरी 2026 को आदेश पारित करते हुए आरोपी महिला के विरुद्ध तीन माह की अवधि तक केन्द्रीय जेल दुर्ग में निरुद्ध किए जाने का वारंट जारी किया। न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए थाना गंडई पुलिस ने वारंट की तामीली कर महिला को गिरफ्तार कर केन्द्रीय जेल दुर्ग भेज दिया।

