विधवा महिला के साथ गैंगरेप, पीड़िता को जंगल में छोड़कर भागे आरोपी
Monday, Jul 09, 2018-05:53 PM (IST)

बैतूल : मध्यप्रदेश में बलात्कार की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। ऐसा ही शर्मसार करने वाला एक और मामला बैतूल के सोनाघाटी से सामने आया है। यहां चार दरिंदों ने 40 साल की एक विधवा महिला को अपनी हवस का शिकार बना लिया। महिला मजदूरी का काम करती है।
मामला शनिवार का है। जानकारी के अनुसार जब विधवा महिला बैतूल की एक कॉलोनी से मजदूरी का काम निपटाकर अपने गांव सोनाघाटी जा रही थी। तभी चार लोगों ने ऑटो रोक कर उसे बाहर खींच लिया और जंगल में ले गए। जहां दरिंदो ने उसके साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दे दिया।
दुष्कर्म के बाद महिला को जंगल में छोड़ा
पीड़िता का कहना है कि जब इन दरिंदो का ऑटो चालक ने विरोध किया तो उन्होंने उसके साथ भी मारपीट की। जंगल में महिला को ले जाकर चारों अज्ञात आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे वहीं छोड़कर भाग गए। पीड़िता जंगल से शनिवार की रात एक बजे पैदल घर पहुंची। महिला इन चारों आरोपियों को पहचानती नहीं है, सिर्फ उनके कपड़े ही पहचान पा रही है कि वे क्या पहने हुए थे।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
पीड़िता ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। जिसके बाद उन्होंने कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। महिला की शिकायत पर पुलिस ने घटना स्थल पर जाकर निरीक्षण किया और उसके बाद चारों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया और तलाश शुरू कर दी है।