गलतफहमी मत पालना… पैसे दो या जान - नामी बिजनेसमैन को लॉरेंस गैंग से 10 करोड़ की धमकी

Wednesday, Feb 11, 2026-11:50 PM (IST)

अशोक नगर: मध्यप्रदेश के अशोक नगर से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के प्रसिद्ध व्यापारी अंकित अग्रवाल को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगते हुए धमकी भरा वॉइस मैसेज भेजा गया है। मैसेज में साफ कहा गया – हम जिससे पैसे मांगते हैं, लेकर ही मानते हैं… कोई गलतफहमी मत पालना, 10 करोड़ दो नहीं तो जान से मार देंगे। इस धमकी के बाद व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल है।

वॉइस नोट में ‘हरि बॉक्सर’ का नाम

धमकी देने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए अपना नाम “हरि बॉक्सर” बताया है। उसने व्यापारी से 10 करोड़ रुपये का तथाकथित “टेरर टैक्स” मांगा है। वॉइस नोट में अपराधी ने चेतावनी दी कि यदि रकम नहीं दी गई तो अंजाम जानलेवा होगा।

पुलिस अलर्ट मोड पर, साइबर सेल जांच में जुटी

व्यापारी अंकित अग्रवाल ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है। ASP गजेंद्र सिंह कवर ने बताया कि फिलहाल इस तरह की शिकायत केवल एक ही व्यापारी से मिली है। पुलिस ने मामला साइबर सेल को सौंप दिया है और यह जांच की जा रही है कि:

क्या कॉल वाकई लॉरेंस गैंग से जुड़ा है? या फिर कोई बदमाश गैंग के नाम का इस्तेमाल कर फिरौती मांग रहा है?

पुलिस ने आश्वासन दिया है कि व्यापारी को सुरक्षा दी जाएगी और आरोपियों का नंबर ट्रेस कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

क्या MP में सक्रिय हो रहा है गैंग नेटवर्क?

हाल के महीनों में देशभर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी और धमकी के कई मामले सामने आए हैं। ऐसे में यह घटना प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर रही है।

पुलिस की अपील

अगर किसी भी व्यापारी या आम नागरिक को इस तरह की धमकी मिलती है तो तुरंत नजदीकी थाने या साइबर सेल से संपर्क करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News