Punjab Kesari MP ads

भाजपा नेत्री की कार से जुड़ा हादसा: चलते वाहन का गेट खुला, 4 साल के मासूम की मौके पर मौत

Sunday, Jul 26, 2026-11:42 AM (IST)

भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। देहात थाना क्षेत्र के कनकूरा गांव के पास नेशनल हाईवे-719 पर चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि उसके दादा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक चलती कार का दरवाजा अचानक खुल गया और ओवरटेक कर रही बाइक उससे टकरा गई।जानकारी के अनुसार, भाजपा की पूर्व महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सीमा शर्मा की ब्रेजा कार हाईवे पर चल रही थी। उसी दौरान चार वर्षीय देवांश यादव अपने दादा सुनील यादव के साथ बाइक से भिंड शहर की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक ने चलते वाहन में गुटखा थूकने के लिए अचानक दरवाजा खोल दिया। इसी दौरान ओवरटेक कर रही बाइक सीधे कार के खुले गेट से टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम देवांश बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा और कार के पिछले पहिए की चपेट में आ गया। सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसके दादा भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे के बाद हाईवे पर बवाल

मासूम की मौत की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। गुस्साए लोगों ने कार चालक को घेर लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसी दौरान घटना का वीडियो बना रहे एक युवक के साथ भी कुछ लोगों ने मारपीट कर उसका मोबाइल छीन लिया। घायल युवक को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारण नेशनल हाईवे-719 पर करीब आधा किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर देहात थाना और फूप थाना पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात बहाल कराया।

इकलौता बेटा था देवांश

परिजनों के मुताबिक, देवांश अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। हाल ही में 1 जुलाई को उसका पहली कक्षा में दाखिला कराया गया था। हर शनिवार वह अपने दादा के साथ भिंड में रहने वाले रिश्तेदारों से मिलने जाता था। हादसे के समय उसके पिता दुर्गेश यादव, जो पेशे से ट्रक चालक हैं, महाराष्ट्र के औरंगाबाद में थे। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही उन्होंने अपना ट्रक वहीं खड़ा किया और तत्काल गांव के लिए रवाना हो गए।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ब्रेजा कार को जब्त कर लिया है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। यदि जांच में लापरवाही या अन्य तथ्य सामने आते हैं, तो उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों और परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। रविवार को जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और मासूम को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News