Weather Alert: अगले 3 दिन आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का कहर, इन 25 जिलों में अलर्ट जारी

Monday, Feb 02, 2026-12:30 PM (IST)

भोपाल। मध्यप्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले तीन दिनों तक तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। बदलते मौसम को देखते हुए 25 जिलों में अलर्ट भेजा गया है, वहीं आमजन और किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

25 जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार जिन जिलों में खराब मौसम का खतरा है, उनमें नीमच, मंदसौर, ग्वालियर, दतिया, खजुराहो, रीवा, सागर, भोपाल और इंदौर समेत अन्य जिले शामिल हैं।
नीमच और मंदसौर में ओलावृष्टि के साथ तेज आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान पहुंच सकता है।

ग्वालियर-रीवा-सागर में भारी बारिश और कोहरे की मार

ग्वालियर, रीवा और सागर संभाग में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम रहेगी। ऐसे में हाईवे और शहरों के बीच आवाजाही करने वाले वाहन चालकों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है।

भोपाल-इंदौर में ट्रैफिक पर असर

राजधानी भोपाल और आर्थिक राजधानी इंदौर में भी अगले तीन दिन घना कोहरा, हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। कोहरे के कारण सुबह के समय ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है।

ओलावृष्टि की चेतावनी से किसान चिंतित

बारिश और ओलावृष्टि की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर गेहूं की फसल कटाई से पहले नुकसान का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने किसानों को फसल सुरक्षा के जरूरी उपाय अपनाने की सलाह दी है।

मौसम विभाग की अपील

खुले स्थानों में जाने से बचें,आंधी-तूफान के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें,वाहन चालक कोहरे में धीमी गति से चलें, मौसम का यह बदला मिज़ाज अगले तीन दिन चुनौतीपूर्ण रहने वाला है, ऐसे में सतर्कता ही सुरक्षा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News