शादी के 3 महीने बाद पति के दोस्त संग भागी महिला, पुलिस के सामने खोले पति के हैरान करने वाले राज
Friday, Jul 24, 2026-07:06 PM (IST)
अशोकनगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले से रिश्तों को उलझा देने वाला एक मामला सामने आया है। शादी के महज तीन महीने बाद एक महिला अपने पति के दोस्त के साथ चली गई। पति की शिकायत पर पुलिस ने दोनों को तलाश कर थाने पहुंचाया, जहां महिला ने पति के साथ रहने से साफ इनकार कर दिया। हालांकि, घटनाक्रम ने नया मोड़ तब लिया जब जिस युवक के साथ वह गई थी, उसने भी पुलिस के सामने उसे अपने साथ रखने से मना कर दिया।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता कर्मवीर पेशे से बस चालक है। उसने बताया कि उसकी पत्नी एक निजी स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। जब उसने पत्नी के मोबाइल पर कॉल किया तो फोन एक युवक ने उठाया। उसने खुद को प्रिंस बताते हुए कहा कि वह महिला को कुछ देर में छोड़ देगा। इसके बाद मोबाइल बंद हो गया, जिससे पति को संदेह हुआ और उसने देहात थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तलाश कर महिला और प्रिंस को थाने बुलाया। पूछताछ में सामने आया कि प्रिंस, कर्मवीर का परिचित और दोस्त है, जो ट्रक चालक का काम करता है। थाने में महिला ने स्पष्ट कहा कि वह अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती। इसके बाद पुलिस ने प्रिंस से भी उसका पक्ष पूछा, लेकिन उसने भी महिला को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया। यह सुनकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
पूछताछ के दौरान कर्मवीर ने दावा किया कि उसकी पत्नी पहले भी दो शादियां कर चुकी है। उसके अनुसार पहली शादी वर्ष 2023 में हुई थी, जिसके बाद वह दूसरे व्यक्ति के साथ रहने लगी। बाद में उसने कर्मवीर से विवाह किया, लेकिन यह रिश्ता भी केवल तीन महीने ही चल पाया। पति का आरोप है कि अब महिला उसके दोस्त के साथ नया जीवन शुरू करने की तैयारी में थी।
कर्मवीर ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले वह अपनी पत्नी के साथ पुरानी मंडी गया था, जहां उसकी मुलाकात दोस्त प्रिंस से हुई थी। वहीं उसने दोनों का परिचय कराया था। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और मामला यहां तक पहुंच गया।
महिला ने पुलिस के सामने आरोप लगाया कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता था और इसी वजह से वह उसके साथ नहीं रहना चाहती थी। वहीं, पुलिस का कहना है कि महिला बालिग है और उसने अपनी इच्छा स्पष्ट रूप से बता दी है। चूंकि उसने पति के साथ जाने से इनकार किया और पति ने भी उसे साथ रखने से मना कर दिया, इसलिए आगे की कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के अनुसार की गई।
देहात थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा ने बताया कि महिला के लापता होने की शिकायत पर उसे सुरक्षित बरामद कर लिया गया था। पूछताछ में सभी पक्षों के बयान दर्ज किए गए हैं और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

