BJP की कोर कमेटी बैठक में नहीं पहुंचे नरोत्तम मिश्रा, क्या पूर्व गृहमंत्री की होगी छुट्टी? राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज
Tuesday, Oct 27, 2026-12:01 PM (IST)
भोपालः मध्यप्रदेश के भोपाल में सोमवार को एमपी भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक हुई। इस दौरान बैठक में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया नहीं पहुंचे। सूत्रों की मानें तो एक बार फिर नरोत्तम मिश्रा को बैठक का न्योता ही नहीं भेजा गया। ऐसे में क्यास लगाए जा रहे है कि क्या एमपी भाजपा की कोर कमेटी से नरोत्तम मिश्रा की छुट्टी होने वाली है। वहीं, सिंधिया भी लगातार दूसरी बार बैठक में शामिल नहीं हुए। इसके चलते राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, एमपी भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को न्योता नहीं भेजा गया। इससे पहले 1 अक्टूबर को हुई कोर ग्रुप की मीटिंग में भी नरोत्तम मिश्रा नहीं पहुंचे थे। जिसका कारण उन्होंने बताया था कि उन्हें इस मीटिंग की जानकारी नहीं थी। सूत्रों की मानें तो पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को बैठक में बुलाने को लेकर प्रदेश संगठन ने केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा की थी, लेकिन वहां से सहमति नहीं मिलने के बाद उन्हें आमंत्रित नहीं किया गया। ऐसे में उनके कोर ग्रुप से बाहर होने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। हालाकि, संगठन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। वहीं, केंद्रीय मंत्री सिंधिया की गैरमौजूदगी पर संगठन के सूत्रों ने दिल्ली में व्यस्तता को कारण बताया है।
बता दें कि बैठक में सीएम डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रभारी बिप्लब कुमार देव, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, सह प्रभारी रेखा शर्मा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ला, सांसद वीडी शर्मा, मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, मंत्री राकेश सिंह, पूर्व मंत्री अरविंद अरविंद भदौरिया, भदौरिया, मंत्री संपतिया उइके, सांसद लता वानखेड़े सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

