खाते से उड़े साढ़े 5 लाख रुपए, ग्राहक के उड़े होश, Pay Zapp वॉलेट से ठगी का शिकार हुआ शख्स
Wednesday, Feb 18, 2026-02:33 PM (IST)
दतिया (नवल यादव) : दतिया में साइबर ठगों ने एक अखबार एजेंट को लाखों रुपये की चपत लगा दी। ठगों ने बैंक खाते से पांच लाख से अधिक की रकम पार कर दी, जिसके बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दतिया में साइबर ठगी का गंभीर मामला सामने आया है, जहां पकौड़िया महादेव निवासी मानसिंह प्रजापति, जो अखबार एजेंट होने के साथ जिला पंचायत सदस्य भी हैं, के बैंक खाते से 5 लाख 48 हजार 279 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित को धोखाधड़ी का पता तब चला जब वह एचडीएफसी बैंक की राजगढ़ चौराहा शाखा में खाता बैलेंस जांचने पहुंचे।
बताया गया है कि खाते में अखबार वितरण से प्राप्त राशि जमा थी, जिसे अज्ञात व्यक्ति ने PayZapp वॉलेट के माध्यम से निकाल लिया। बैंक से संतोषजनक जवाब न मिलने पर पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने साइबर ठगी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टीआई धीरेंद्र मिश्रा के अनुसार पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ठगों ने खाते तक पहुंच किस तरह बनाई और PayZapp के जरिए रकम कैसे ट्रांसफर की गई।
क्या है Pay Zapp
PayZapp HDFCBank का एक डिजिटल पेमेंट और प्रीपेड वॉलेट ऐप है, जो आपको UPI, क्रेडिट/डेबिट कार्ड या वॉलेट के जरिए स्कैन-एंड-पे, बिल भुगतान, मोबाइल रिचार्ज और ऑनलाइन शॉपिंग करने की सुविधा देता है। इसके जरिए आप सीधे UPI, किसी भी बैंक के कार्ड या PayZapp प्रीपेड वॉलेट का उपयोग करके भुगतान कर सकते हैं।

