Punjab Kesari MP ads

फर्जी फेसबुक आईडी से महिला को भेजा रहा था अश्लील संदेश... नगर पालिका का कर्मचारी सुनील राजपूत गिरफ्तार

Saturday, Jun 13, 2026-05:45 PM (IST)

नर्मदापुरम (मुकेश अवस्थी): फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर महिला को अश्लील पोस्ट करने के मामले में नगर पालिका नर्मदापुरम के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी सुनील सिंह राजपूत को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजने के आदेश दिए गए। शुक्रवार को हुई कार्रवाई के बाद आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया। इटारसी निवासी महिला ने 14 फरवरी 2026 में शिकायत दर्ज कराई थी कि फेसबुक मैसेंजर पर उसे सौरभ साहू नाम की आई डी से अश्लील मैसेज आए हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने 16 मई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79, 78(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 67(ए) के तहत देहात थाना में मामला दर्ज किया था। घटना स्थल कोतवाली होने के कारण डायरी कोतवाली थाना जांच के लिए भेजी गई।

साइबर जांच में सामने आया सुनील राजपूत का नाम

मामले की जांच के दौरान साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों और आईपी एड्रेस के आधार पर आरोपी की पहचान की। साइबर पुलिस ने फेसबुक आईडी की आई पी एड्रेस और मोबाइल नंबर खंगाला तो वह शास्त्री वार्ड निवासी सुनील सिंह राजपूत के नाम पर रजिस्टर्ड पाया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य के आधार पर सुनील राजपूत को प्रकरण में नामजद आरोपी बनाया, जिसके बाद से आरोपी फरार हो गया था। कई दिनों तक पुलिस की नजरों से बचने के बाद आरोपी की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजने के आदेश जारी किए गए।

अतिक्रमण दल के प्रभार से नगर पालिका ने हटाया था

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद नगर पालिका परिषद नर्मदापुरम के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ने उसे अतिक्रमण दल के प्रभार से हटा दिया था। इसके बावजूद आरोपी नगर पालिका के कर्मचारियों के साथ दिखाई देता रहा। सूत्रों की माने तो आरोपी कार्यालय में नजर आ रहा था।  

पहले भी दर्ज हो चुके हैं मामले

सुनील सिंह राजपूत पर वर्ष 2023 में भी आईटी एक्ट के अंतर्गत नर्मदापुरम देहात थाने में मामला दर्ज हो चुका है। इसके अलावा नगर पालिका में वर्ष 2018-19 के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े घोटाले में भी नगर पालिका प्रशासन द्वारा स्वयं सुनील सिंह राजपूत के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।

टीआई ने की गिरफ्तारी की पुष्टि

कोतवाली थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर ने बताया कि आरोपी सुनील सिंह राजपूत को आईटी एक्ट और महिला से छेड़छाड़ से संबंधित आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।




 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News