लाला जगत नारायण जी की 45वीं पुण्यतिथि पर नागौद में महादान, पंजाब केसरी के रक्तदान शिविर में 44 लोगों ने किया रक्तदान
Thursday, Sep 10, 2026-05:43 PM (IST)
नागौद, सतना। अमर शहीद एवं पंजाब केसरी समूह के संस्थापक लाला जगत नारायण जी की 45वीं पुण्यतिथि के अवसर पर पंजाब केसरी समूह द्वारा सतना जिले के नागौद में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
रक्तदान शिविर की शुरुआत पंजाब केसरी मध्यप्रदेश हेड हेमंत चतुर्वेदी ने स्वयं पहला रक्तदान कर की। इसके बाद लोगों ने आगे बढ़कर रक्तदान किया। शिविर में करीब 44 लोगों ने रक्तदान किया, जिनमें युवाओं के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल रहे।
शिविर के दौरान रक्तदाताओं के लिए आवश्यक चिकित्सा एवं अन्य व्यवस्थाएं की गईं, ताकि पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। इस दौरान सतना जिले के नागौद क्षेत्र के कई पत्रकारों ने भी रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई। पत्रकारों ने स्वयं रक्तदान करने के साथ ही आम लोगों को भी इस नेक पहल से जुड़ने और रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
पंजाब केसरी समूह द्वारा आयोजित इस रक्तदान शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। शिविर के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने का माध्यम भी है।
आयोजकों ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है, क्योंकि हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन की उम्मीद बन सकता है। लाला जगत नारायण जी की अमर स्मृति को समर्पित यह पहल मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति पंजाब केसरी समूह की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

