Punjab Kesari MP ads

राज्य में कांग्रेस का 10 दिवसीय ट्रेनिंग शिविर, राहुल गांधी देंगे संगठन मजबूत करने के टिप्स

Sunday, Jun 14, 2026-10:58 AM (IST)

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। संगठन सृजन अभियान के तहत हाल ही में नियुक्त किए गए जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए 21 जून से 30 जून 2026 तक रायपुर में 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर चांदी मोड़ स्थित अग्नियोटम अलका अवतार मंगल भवन में संपन्न होगा।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की ओर से महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी करते हुए सभी नव नियुक्त जिला और शहर अध्यक्षों की उपस्थिति अनिवार्य की है। प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना, जनसंपर्क क्षमता बढ़ाना और आगामी चुनावी रणनीति को धार देना है।

राहुल गांधी भी होंगे शामिल, देंगे संगठन को लेकर मार्गदर्शन

पार्टी सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी इस 10 दिवसीय शिविर के दौरान किसी एक दिन विशेष रूप से शामिल होंगे। वे उपस्थित पदाधिकारियों को संगठनात्मक मजबूती, जमीनी जुड़ाव और चुनावी रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव देंगे। इसे कांग्रेस के संगठनात्मक पुनर्गठन की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।

वरिष्ठ नेताओं की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य

AICC ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी को शिविर की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एआईसीसी के सचिवों, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी अधिकतम समय शिविर में उपस्थित रहने को कहा गया है। पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि वरिष्ठ नेताओं की कम से कम 5 दिनों की उपस्थिति अनिवार्य होगी, जिसमें शुरुआती दो और अंतिम दो दिन शामिल हैं।

संगठन सृजन अभियान के तहत प्रशिक्षण

कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि नए जिला और शहर अध्यक्षों को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यप्रणाली, जनसंपर्क कौशल और चुनाव प्रबंधन की गहन समझ देना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

चुनावी तैयारियों पर फोकस

पार्टी रणनीतिकारों के अनुसार, यह प्रशिक्षण शिविर केवल संगठनात्मक अभ्यास नहीं बल्कि आगामी नगरीय निकाय, पंचायत और 2028 विधानसभा चुनावों की तैयारियों का हिस्सा है। कांग्रेस का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाना है।

21 जून को दोपहर 12 बजे तक पहुंचने के निर्देश

सभी प्रतिभागियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे 21 जून को दोपहर 12 बजे तक प्रशिक्षण स्थल पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। इसके लिए औपचारिक निमंत्रण पहले ही जारी किया जा चुका है। यह प्रशिक्षण शिविर छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे में नई ऊर्जा और दिशा देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News