Punjab Kesari MP ads

विधायकी जाने के बाद पहली बार सामने आए राजेंद्र भारती, खोला बड़ा राज

Monday, Apr 13, 2026-06:18 PM (IST)

भोपाल: मध्यप्रदेश की राजनीति में दतिया से पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सदस्यता जाने के बाद पहली बार सामने आए भारती ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जनता को झूठ और गलत जानकारी के जरिए गुमराह किया जा रहा है।

राजेंद्र भारती ने आरोप लगाया कि 2008 में डबरा सीट आरक्षित होने के बाद नरोत्तम मिश्रा दतिया से चुनाव मैदान में उतरे और उस समय से ही राजनीतिक दबाव और हथकंडों की शुरुआत हुई।

दबाव, धमकी और केस का आरोप

भारती ने कहा कि उन पर और उनके परिवार के लोगों पर लगातार दबाव बनाया गया। “हमारे खिलाफ झूठे केस दर्ज कराए गए, व्यापार तक प्रभावित किया गया, लेकिन हम कभी डरे नहीं,” उन्होंने कहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हाल ही में फर्जी खबरों और अन्य मामलों को वापस लेने के लिए उन पर दबाव और धमकी दी गई।

कोर्ट से न्याय की उम्मीद

वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीसी शर्मा ने भरोसा जताया कि न्यायपालिका के जरिए राजेंद्र भारती को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है और पार्टी को उम्मीद है कि सदस्यता बहाल हो सकती है।

‘राणा सांगा’ वाली तुलना से सियासत गरम

राजेंद्र भारती ने खुद की तुलना ऐतिहासिक पात्र राणा सांगा से करते हुए कहा कि जैसे उन्हें षड्यंत्र का शिकार बनाया गया था, वैसे ही उनके साथ भी राजनीतिक साजिश हुई है। इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News