नशेड़ी पुलिसकर्मी का तांडव,गश्त कर रहे जवानों को कार से बुरी तरह से रौंदा,मौत के मुहाने पर पहुंचाए
Saturday, May 02, 2026-10:15 PM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी): इंदौर में कानून के रक्षक ही जब भक्षक बन जाएं, तो सुरक्षा पर सवाल उठना लाजिमी है। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में शराब के नशे में धुत एक पुलिसकर्मी ने ऐसा कोहराम मचाया की सब कांपते रह गए । नशे में धुत पुलिसकर्मी ने अपनी तेज रफ्तार कार से गश्त कर रहे दो जवानों को जोरदार टक्कर मार दी। इस खतरनाक हादसे में दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कार से दोनों को गंभीर चोटें लगी है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राजेंद्र नगर के आनंद नगर इलाके में मचाया गदर
घटना राजेंद्र नगर के आनंद नगर इलाके की है। पुलिस जवान भूरालाल और प्रमोद अपनी बाइक से रूटीन गश्त पर थे, ताकि इलाके में सुरक्षा बनी रहे। इसी दौरान डीआरपी लाइन में पदस्थ सिपाही विजय चौहान अपनी कार लेकर वहां पहुँचा। नशे में धुत विजय ने कार पर नियंत्रण खो दिया और सीधे गश्ती दल की बाइक को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों जवान सड़क पर दूर जा गिरे। उन्हें इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के मुताबिक आरोपी विजय चौहान पहले भी शराब पीकर हंगामा करने और अनुशासनहीनता के मामलों में घिर चुका है। आरोपी पुलिसकर्मी का विवादों से पुराना नाता रहा है, लेकिन इस बार उसकी करतूत ने विभाग के अनुशासन पर दाग लगा दिया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। लिहाजा एक नशेड़ी पुलिसकर्मी की वजह से दो जवान गंभीर घायल हो गए।

