Punjab Kesari MP ads

रिटायर्ड DSP का हाई वोल्टेज ड्रामा, सीट बेल्ट चालान पर पुलिस पर तानी बंदूक

Wednesday, Apr 08, 2026-01:16 PM (IST)

पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना-छतरपुर नेशनल हाईवे-39 पर मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक रिटायर्ड डीएसपी और उनकी पत्नी ने ट्रैफिक चेकिंग के दौरान पुलिस टीम के साथ जमकर हंगामा कर दिया। सीट बेल्ट न लगाने पर रोके जाने से नाराज पूर्व अधिकारी इस कदर भड़क गए कि उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर लाइसेंसी बंदूक तक तान दी।

जानकारी के मुताबिक, मड़ला थाना प्रभारी रचना पटेल के नेतृत्व में नियमित चेकिंग अभियान चल रहा था। इसी दौरान रिटायर्ड डीएसपी भरत सिंह चौहान अपनी पत्नी के साथ कार से वहां पहुंचे। सीट बेल्ट नहीं लगाने पर पुलिस ने जैसे ही उनकी गाड़ी रोकी, दोनों भड़क उठे और पुलिस टीम से तीखी बहस शुरू कर दी।

बंदूक निकालकर दी धमकी

विवाद बढ़ने पर पूर्व डीएसपी ने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाल ली और पुलिसकर्मियों को धमकाने लगे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने विरोध जताते हुए उन्हें ऐसा न करने की चेतावनी दी। स्थिति तनावपूर्ण होती देख मौके पर महिला पुलिस अधिकारी पहुंचीं और उन्होंने सख्ती दिखाते हुए बंदूक अंदर रखने को कहा।

पत्नी का भी उग्र रवैया

इस दौरान पूर्व अधिकारी की पत्नी भी बहस में कूद पड़ीं और बोलीं कि “हमारे पास लाइसेंस है, हम क्यों बंदूक अंदर रखें? इस पर महिला अधिकारी ने साफ शब्दों में कहा कि लाइसेंस होने का मतलब यह नहीं कि सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराया जाए।

रौब दिखाने की कोशिश पड़ी भारी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूर्व डीएसपी बार-बार खुद को अधिकारी बताकर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस टीम ने नियमों के अनुसार कार्रवाई जारी रखी।

पुलिस ने किया केस दर्ज

पन्ना एसपी निवेदिता नायडू ने बताया कि पूरे मामले में सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस से अभद्रता करने और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के बाद मड़ला पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि कानून के जानकार और पूर्व अधिकारी ही यदि नियमों की अनदेखी करें, तो आम जनता के लिए क्या संदेश जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News