दुर्ग में साहू समाज की बैठक बनी अखाड़ा, युवक से मारपीट का आरोप, 4 के खिलाफ मामला दर्ज

Sunday, Mar 08, 2026-02:42 PM (IST)

दुर्ग ( हेमंत पाल): छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के ग्राम परसदापार में साहू समाज की वार्षिक बैठक उस समय विवादों में घिर गई, जब बैठक के दौरान एक युवक के साथ पर मारपीट की घटना सामने आई। आरोप है कि कुछ लोगों ने युवक का गला पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम परसदापार में 6 मार्च 2026 को गांव के किसान भवन में साहू समाज की वार्षिक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा चल रही थी, तभी एक पुराने विवाद को लेकर माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।

पीड़ित युवक ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि बैठक के दौरान गांव के ही एक व्यक्ति ने उसके भाई द्वारा समाज के कुछ लोगों के खिलाफ दिए गए आवेदन को वापस लेने की बात कही। इस पर युवक ने जवाब दिया कि आवेदन उसके भाई ने दिया है और वही इसे वापस लेने का निर्णय लेगा।

बताया जाता है कि इसी बात को लेकर बैठक में मौजूद कुछ लोग आक्रोशित हो गए। आरोप है कि भरत साहू (रोजगार सहायक) और भुवनलाल साहू समेत अन्य लोगों ने युवक का गला पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान जब पीड़ित के चाचा और अन्य परिजन बीच-बचाव के लिए पहुंचे, तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। इस झड़प में पीड़ित युवक के गले और सिर में चोट आई, जबकि उसके चाचा के माथे पर चोट लगने की बात सामने आई है। वहीं एक अन्य व्यक्ति के हाथ, कंधे और सीने में भी चोट आने की जानकारी दी गई है।

PunjabKesariबताया जा रहा है कि बैठक स्थल पर मौजूद अन्य ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह विवाद को शांत कराया। हालांकि घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों द्वारा दी गई धमकियों के कारण वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

इस मामले को लेकर साहू समाज के लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीण साहू समाज के अध्यक्ष कृपाराम साहू ने कहा कि यदि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो समाज द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा।

वहीं बोरी थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि समाज की बैठक में इस तरह का विवाद सामने आना दुर्भाग्यपूर्ण है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News