निगम में भ्रष्टाचार रोका तो उस पैसे से ही इंदौर का आधा विकास हो जाएगा- संजय शुक्ला

6/28/2022 7:04:27 PM

इंदौर(सचिन बहरानी): कांग्रेस के महापौर पद के प्रत्याशी संजय शुक्ला ने कहा है कि इंदौर नगर निगम से यदि भ्रष्टाचार मिटा दिया तो जो पैसा बचेगा उसी से इंदौर का आधा विकास हो जाएगा। राज्य सरकार ने इंदौर नगर निगम के किसी भी भ्रष्ट अधिकारी को यहां से नहीं हटाया है। भाजपा के जो नेता निगम का चुनाव जीतकर जाते हैं, वे भी इन अधिकारियों के खिलाफ बोलने से डरते हैं।

PunjabKesari

शुक्ला आज यहां विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 2 के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क कर रहे थे। इस जनसंपर्क के दौरान नागरिकों के साथ चर्चा में उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारी से लेकर छोटे से छोटे कर्मचारी तक किसी के भी यहां छापा पड़ता है तो करोड़ों रुपए की संपत्ति मिलती है। यह संपत्ति भ्रष्टाचार से अर्जित की गई संपत्ति होती है। हम नगर निगम में भ्रष्टाचार को रोक देंगे तो जो पैसा निगम के खजाने में आएगा उसी से इंदौर का आधा विकास हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार के द्वारा नगर निगम के भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। उन्हें यहां से हटाया भी नहीं जाता है। इन अधिकारियों पर सरकार की मेहरबानी इतनी ज्यादा होती है कि नगर निगम के चुनाव में जीत कर जाने वाले भाजपा के नेता निगम में जाने के बाद इन अधिकारियों के खिलाफ बोलने में भी डरते हैं।

PunjabKesari

उन्होंने जनता से ही सवाल किया कि पिछले 20 सालों से नगर निगम में भाजपा के महापौर हैं। बता दो कौन से महापौर के कार्यकाल में नगर निगम में भ्रष्टाचार समाप्त हो गया था? उन्होंने कहा कि मेरे पास बहुत संपत्ति है। भाजपा के नेता मुझे लक्ष्मी पुत्र कहते हैं। मैं भी स्वीकारता हूं कि हां मैं लक्ष्मी पुत्र हूं। जब मैं कुर्सी पर बैठूंगा तो भ्रष्टाचार करने वाले लोगों को नहीं छोडूंगा। नगर निगम से भ्रष्टाचार पूरी तरह से समाप्त करवा दूंगा। यह भ्रष्टाचार समाप्त होने से निगम की कमाई में जो बढ़ोतरी होगी, उससे इंदौर की आधी समस्याओं का समाधान हो जाएगा।

PunjabKesari

शुक्ला ने कहा कि आप इस बात की चिंता मत कीजिए कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है और मैं जीत जाऊंगा तो वे लोग बदले की भावना से काम करते हुए इंदौर के अधिकार का पैसा रोक लेंगे। अभी पिछले दिनों भोपाल से घोषणा वीर इंदौर आए थे। उन्होंने इंदौर के लोगों को धमकी देते हुए कहा कि उद्घाटन कराने को तरस जाओगे। अरे घोषणा वीर जी आपके नेतृत्व में आपकी पार्टी के नेता तो इतने उस्ताद हो गए हैं कि जब लोग ऑक्सीजन के लिए तड़पते हुए मर रहे होते हैं तब भी वे ऑक्सीजन के टैंकर को उद्घाटन करने फीता काटने के लिए 2 घंटे तक रोक कर रखते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Recommended News

Related News