Punjab Kesari MP ads

BJP नेता और सिंधिया समर्थक का VIDEO लीक, बोले- ‘उसने मेरे साथ बेवफाई की’

Saturday, Aug 15, 2026-11:17 PM (IST)

ग्वालियर। (अंकुर जैन): सिंधिया समर्थक बीजेपी नेता गुरुमुख करोसिया से जुड़ा 4 मिनट 20 सेकंड का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। वीडियो में करोसिया दो महिलाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो सामने आने के बाद करोसिया ने इसे पुराना बताते हुए इसके प्रसारण के पीछे राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया है। वीडियो में करोसिया निजी रिश्तों और आर्थिक लेनदेन को लेकर अपनी परेशानी बयां करते दिखाई दे रहे हैं। उनका दावा है कि एक महिला ने उन्हें भावनात्मक रूप से प्रभावित किया और दूसरी ने उनके खिलाफ उसे भड़काया। उन्होंने शॉपिंग, मेकअप पर बड़ी रकम खर्च होने की बात भी कही है।

वीडियो में लगाए गंभीर आरोप

करोसिया वीडियो में कहते नजर आ रहे हैं कि उन्होंने संबंधित महिला की नौकरी में मदद की थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उनके मुताबिक उनसे लगातार खर्च करवाया गया। उन्होंने कई बार हजारों रुपए के बिल चुकाने का दावा भी किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दोनों महिलाएं उन्हें नजरअंदाज करती थीं और दूसरे परिचितों के साथ समय बिताती थीं। हालांकि, वीडियो में लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

खुद को मानसिक तनाव में बताया

वीडियो के अंतिम हिस्से में करोसिया काफी परेशान नजर आते हैं। उन्होंने अपनी स्थिति को लेकर गंभीर चिंता जताई और कहा कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए संबंधित महिलाओं को जिम्मेदार माना जाए। साथ ही उन्होंने प्रशासन से कार्रवाई की मांग भी की।

15 अगस्त को सामने आया करोसिया का पक्ष

वीडियो वायरल होने के बाद 15 अगस्त को गुरुमुख करोसिया ने मीडिया के सामने सफाई दी। उन्होंने कहा कि वीडियो नया नहीं बल्कि काफी पुराना है और इसे अब जानबूझकर वायरल किया जा रहा है।करोसिया के मुताबिक, एक दिन पहले वे नगर निगम कार्यालय में बैठे थे। कुछ समय के लिए बाहर जाने के दौरान उनका मोबाइल टेबल पर रह गया। उनका आरोप है कि इसी दौरान किसी विरोधी ने मोबाइल से पुराना वीडियो निकाल लिया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया।

‘राजनीतिक हत्या’ की कोशिश का आरोप

करोसिया ने वायरल वीडियो को लेकर इसे राजनीतिक साजिश करार दिया। उनका कहना है कि विरोधी उनकी छवि खराब करने और राजनीतिक नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वीडियो में जिन महिलाओं का उल्लेख है, उनका ग्वालियर से कोई संबंध नहीं है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News