दतिया में कांग्रेस की बढ़ी मुश्किल! टिकट कटने से नाराज दिग्गज नेता, क्या इस्तीफा देकर थामेंगे BJP का दामन?
Monday, Jul 13, 2026-03:20 PM (IST)
दतिया। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की चुनावी रणनीति को उस समय बड़ा झटका लगता दिखाई दिया, जब पार्टी के वरिष्ठ नेता और टिकट के प्रबल दावेदार रहे अवधेश नायक कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के नामांकन के दौरान नजर नहीं आए। नामांकन जैसे अहम मौके पर उनकी गैरमौजूदगी ने पार्टी के भीतर चल रही नाराजगी को सार्वजनिक कर दिया और राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया।
टिकट नहीं मिलने से नाराज बताए जा रहे नायक
सूत्रों के मुताबिक, अवधेश नायक खुद कांग्रेस टिकट के मजबूत दावेदार थे। लेकिन पार्टी हाईकमान ने घनश्याम सिंह पर भरोसा जताते हुए उन्हें उम्मीदवार घोषित किया। इसके बाद से अवधेश नायक संगठन के फैसले से असंतुष्ट बताए जा रहे हैं। उनकी नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है, जिसका पहला बड़ा संकेत नामांकन कार्यक्रम से दूरी बनाकर देखने को मिला।
डैमेज कंट्रोल में जुटा कांग्रेस संगठन
पार्टी को इस नाराजगी के चुनावी असर का अंदेशा है। यही वजह है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और संगठन के पदाधिकारी लगातार अवधेश नायक से संपर्क साधने में जुटे हैं। कोशिश की जा रही है कि मतभेद जल्द समाप्त हों और चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी एकजुट दिखाई दे।
ब्राह्मण वोट बैंक पर पड़ सकता है असर
दतिया की राजनीति में अवधेश नायक को ब्राह्मण समाज का प्रभावशाली चेहरा माना जाता है। क्षेत्र में उनके राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव को देखते हुए कांग्रेस किसी भी तरह की नाराजगी को हल्के में नहीं लेना चाहती। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि यह असंतोष लंबे समय तक बना रहा तो इसका असर चुनावी समीकरणों पर भी पड़ सकता है।
उपचुनाव से पहले कांग्रेस के सामने नई चुनौती
दतिया उपचुनाव में कांग्रेस भाजपा को कड़ी टक्कर देने की तैयारी में है, लेकिन चुनावी मैदान में उतरने से पहले ही पार्टी के भीतर असंतोष की स्थिति सामने आने लगी है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस नेतृत्व अवधेश नायक की नाराजगी दूर कर पाता है या यह मामला मतदान तक पार्टी के लिए चुनौती बना रहता है।

