Punjab Kesari MP ads

स्कूल में बवाल! ‘बच्चों को खाना पसंद नहीं’ कहने पर भड़की रसोइया, पति संग प्रधानाध्यापक को चप्पल से पीटा

Saturday, Sep 12, 2026-07:38 PM (IST)

श्योपुर: मध्यप्रदेश के श्योपुर से स्कूल परिसर में प्रधानाध्यापक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। किला रोड स्थित एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार सुबह खाना बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। आरोप है कि स्कूल की महिला रसोइया और उसके पति ने प्रधानाध्यापक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना के बाद स्कूल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे विद्यालय में पुताई का काम चल रहा था। प्रधानाध्यापक कमलजीत सिंह सिसोदिया स्कूल परिसर में मजदूरों से यह काम करवा रहे थे। इसी दौरान विद्यालय में भोजन बनाने वाली रसोइया नसीर बानो अपने पति इस्माइल के साथ वहां मौजूद थी।

बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान प्रधानाध्यापक ने रसोइया से बच्चों को उसके हाथ का खाना पसंद नहीं आने की बात कही। उन्होंने यह भी बताया कि भोजन को लेकर विभाग में शिकायत किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसी बात पर रसोइया और उसका पति नाराज हो गए। आरोप है कि दोनों ने स्कूल में चल रहे पुताई के काम को भी रुकवा दिया।

कहासुनी के बाद प्रधानाध्यापक से हाथापाई

मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद होने लगा। आरोप है कि रसोइया के पति इस्माइल ने प्रधानाध्यापक के साथ अभद्रता करते हुए उनकी कॉलर पकड़ ली और उन्हें गिराने का प्रयास किया। इसके बाद विवाद और बढ़ गया।

प्रधानाध्यापक की शिकायत के अनुसार, रसोइया नसीर बानो ने चप्पल उठाकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान प्रधानाध्यापक खुद को बचाने के लिए स्कूल परिसर में इधर-उधर जाते रहे। आरोप है कि महिला रसोइया ने उनका पीछा करते हुए मारपीट की, जिससे उनकी पीठ में चोट आई।

स्टाफ ने बीच-बचाव कर रोका विवाद

स्कूल परिसर में हंगामा बढ़ता देख विद्यालय का स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया। कर्मचारियों ने बीच-बचाव करते हुए प्रधानाध्यापक को आरोपियों से अलग कराया। घटना के बाद प्रधानाध्यापक विद्यार्थियों के साथ कोतवाली थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की लिखित शिकायत दी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला रसोइया नसीर बानो और उसके पति इस्माइल के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित मारपीट से जुड़ी धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब घटना के कारणों, मारपीट और सामने आए वीडियो की भी जांच कर रही है। फिलहाल स्कूल में हुए इस विवाद के बाद शिक्षा विभाग में भी मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और विवाद की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News