कल्पना मिश्रा मामले पर बवाल: कांग्रेस के प्रदर्शन में पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता, आंसू गैस चली, विधायक घायल
Thursday, Sep 10, 2026-08:02 PM (IST)
रीवा। कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में न्याय और कार्रवाई की मांग को लेकर रीवा में कांग्रेस का आंदोलन गुरुवार को उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई। अग्रसेन चौराहे से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सिरमौर चौराहे की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पुलिस की बैरिकेडिंग के पास दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इस घटनाक्रम में झाबुआ से कांग्रेस विधायक विक्रांत भूरिया की आंख में चोट लगने की बात सामने आई है। भूरिया ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विरोध के दौरान उनकी आंख पर डंडे से वार किया गया। उनका दावा है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों से ऐसा नहीं करने की अपील की, लेकिन इसके बावजूद उन्हें चोट पहुंची।
बैरिकेडिंग के पास बढ़ा विवाद
पुलिस के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता सिरमौर चौराहे की तरफ आगे बढ़ रहे थे। रास्ते में लगाए गए बैरिकेड्स के पास पहुंचने के बाद कुछ कार्यकर्ताओं ने उन्हें हटाने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई। देखते ही देखते मौके पर तनाव बढ़ गया और पुलिस ने भीड़ को पीछे हटाने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया।
कांग्रेस पिछले कई दिनों से अग्रसेन चौराहे पर कल्पना मिश्रा की मौत के मामले को लेकर धरना दे रही है। गुरुवार को इसी आंदोलन के तहत कार्यकर्ता सिरमौर चौराहे की ओर पहुंचे थे, जहां कल्पना मिश्रा के पिता न्याय की मांग को लेकर अनशन कर रहे हैं।
पिता का अनशन 10वें दिन भी जारी, हालत बिगड़ी
कल्पना मिश्रा के पिता की भूख हड़ताल गुरुवार को 10वें दिन में पहुंच गई। लगातार अनशन के चलते उनकी तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है। परिजनों के मुताबिक कमजोरी इतनी बढ़ गई है कि अब उन्हें बैठने में भी परेशानी हो रही है और वे लेटकर ही अनशन कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि उनकी हालत ऐसी हो गई है कि वे ठीक से बातचीत तक नहीं कर पा रहे हैं। परिजनों ने स्पष्ट किया है कि जब तक कल्पना मिश्रा को न्याय नहीं मिलता और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक अनशन समाप्त नहीं किया जाएगा।
रीवा पहुंचे जीतू पटवारी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी गुरुवार को रीवा पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले अग्रसेन चौराहे पर चल रहे पार्टी के धरने में हिस्सा लिया। इसके बाद वे सिरमौर चौराहे पहुंचे और कल्पना मिश्रा के पिता से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस इस मामले को विधानसभा में प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी के विधायक मामले को सदन में उठाने के साथ राज्यपाल और मुख्य सचिव के समक्ष भी अपनी बात रखेंगे।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कल्पना मिश्रा मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और रीवा की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। गुरुवार की झड़प के बाद यह मामला और अधिक राजनीतिक तूल पकड़ता नजर आ रहा है।

