दतिया में उपचुनाव की आहट तेज! कांग्रेस-भाजपा का खेल बिगाड़ने मैदान में दामोदर यादव, दे दिया बड़ा चैलेंज
Thursday, May 07, 2026-01:44 PM (IST)
डबरा (भरत रावत) : दतिया उपचुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस-भाजपा के बाद अब असपा ने भी दतिया से ताल ठोक दी है। यदि दतिया में उपचुनाव होते हैं तो यहां से आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव उम्मीदवार होंगे। इसी कड़ी में गुरुवार को दामोदर यादव डबरा पहुंचे। जहां उन्होंने श्याम फूल गार्डन में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान दामोदर यादव ने मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और दतिया से भाजपा के संभावित उम्मीदवार नरोत्तम मिश्रा पर जमकर निशाना सादा।
दामोदर यादव से जब पूछा गया कि उन्हें सनातन विरोधी कहा जाने लगा है तो इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा है कि वे सनातन के विरोधी नहीं है वे तो पाखंडवाद के विरोधी हैं। फिर चाहे पाखंड फैलाने वाला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुंहबोला छोटा भाई धीरेन्द्र शास्त्री ही क्यों न हो। वो पाखंडवाद का विरोध करते हैं और करते रहेंगे।
वहीं पश्चिम बंगाल और असम चुनाव पर दामोदर यादव ने कहा है कि वहां पर लोकतंत्र की हत्या की गई है। धन बल से बाहुबल से सत्ता बल से जन बल को कुचला गया है। मैं स्पष्ट शब्दों में कहता हुं कि अपने कभी सुना है कि किसी एक राज्य में ढाई लाख का पुलिस बल तैनात किया गया हो इतना तो जब पाकिस्तान से युद्ध हुआ था तब भी फोर्स नहीं भेजा गया। मैं ममता बनर्जी की हिम्मत को दाद देता हूं कि ऐसे हालात में भी उन्होंने 100 सीटों पर जीत हासिल की है और असम के मुख्यमंत्री ने जो भाषा बोली है वह एक गुंडे की भाषा है। भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र को कुचलने का काम कर रही है और हम इसकी निंदा करते हैं।
वहीं दामोदर यादव ने पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि नरोत्तम मिश्रा ने दतिया में भय और खौफ का माहौल बना रखा है। दतिया में किसी के यहां यदि कोई छोटा-मोटा बर्थडे प्रोग्राम भी होता है तो वह बिना पूर्व गृहमंत्री के फोटो लगाए बिना कोई नहीं कर सकता। इतना ही नहीं दामोदर यादव ने नवग्रह मंदिर का जिक्र भी किया और आरोप लगाए कि यह मंदिर सरकारी जमीन पर बना है। उन्होंने दावा किया कि यदि दतिया में उपचुनाव हुआ और हमारी पार्टी जीतती है तो हम इस बेशकीमती जमीन की जांच करवा कर उसको शासकीय घोषित करवाएंगे। जिस पर कभी शुगर मिल हुआ करती थी।

