सब-इंस्पेक्टर की पत्नी की मौत, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाए प्रताड़ना के आरोप
Tuesday, Sep 08, 2026-04:08 PM (IST)
छतरपुर: उत्तर प्रदेश पुलिस में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर की पत्नी की छतरपुर के मिशन हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर शादी के बाद से लगातार प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जहरीला पदार्थ खाने के लिए मजबूर करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला की मौत के बाद देर रात मिशन हॉस्पिटल परिसर में कुछ देर हंगामे की स्थिति भी बनी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को जिला अस्पताल में मृतका का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जिले के जहानाबाद निवासी संगीता देवी राजपूत (28) का विवाह 7 जुलाई 2024 को महोबा जिले के टीकारिया निवासी अनोज कुमार राजपूत से हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। अनोज कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ हैं और वर्तमान में इटावा जिले के जैतपुर क्षेत्र में ड्यूटी पर बताए जा रहे हैं।
5 सितंबर को मारपीट के बाद मायके वाले पहुंचे थे ससुराल
मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही संगीता को ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों के मुताबिक 5 सितंबर को भी उसके साथ मारपीट की गई थी। उस समय उसके शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए थे। सूचना मिलने पर संगीता के पिता योगेंद्र राजपूत और भाई हिमांशु ससुराल पहुंचे थे। दोनों पक्षों को समझाने के बाद उस समय मामला शांत हो गया था।
7 सितंबर को फिर हुआ विवाद, कीटनाशक पीने का आरोप
परिजनों के अनुसार, 7 सितंबर को संगीता के साथ दोबारा विवाद और प्रताड़ना हुई। इसके बाद उसने घर में रखी कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद संगीता ने फोन कर मायके वालों को इसकी जानकारी दी। ससुराल पक्ष के लोग उसे उपचार के लिए नौगांव ले गए। इलाज के बाद उसे घर ले जाया गया, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर छतरपुर के मिशन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत की सूचना पर अस्पताल पहुंचे मायके वाले
संगीता की मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग मिशन हॉस्पिटल पहुंचे। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और पोस्टमार्टम कराने की मांग की। मृतका के भाइयों धर्मेंद्र और हिमांशु ने पुलिस कंट्रोल रूम तथा डायल-112 पर सूचना देकर कार्रवाई की मांग की।
पति के बुलाए लोगों पर हंगामा करने का आरोप
मृतका के भाई हिमांशु ने आरोप लगाया कि देर रात संगीता के पति अनोज कुमार ने कुछ लोगों को अस्पताल बुलाया था। इसके बाद मिशन हॉस्पिटल परिसर में कुछ देर हंगामे की स्थिति बनी। मायके पक्ष ने संगीता की मौत के लिए उसके पति और सास को जिम्मेदार बताते हुए दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों ने यह भी दावा किया कि संगीता की शादी में परिवार ने करीब 50 लाख रुपए खर्च किए थे और शादी धूमधाम से की गई थी। इसके बावजूद शादी के बाद से उसे प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह तथा मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

