खरगोन में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने दामाद पर लगाए गंभीर आरोप, हत्या या आत्महत्या PM रिपोर्ट खोलेगी राज
Thursday, Mar 27, 2025-06:04 PM (IST)

खरगोन (रामेश्वर बड़ोले) : खरगोन जिले के गोगावां थाना क्षेत्र के रेहगांव में 30 वर्षीय आरती पति आशीष जायसवाल की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। महिला के परिजनों ने पति और एक अन्य महिला पर हत्या करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। जिसके बाद मामला गंभीर होने के चलते पुलिस मृतक महिला का पीएम कराने के लिए शव को खरगोन जिला अस्पताल लेकर पहुंची। जहां मृतक महिला के भाई सहित चाचा ने पति के अन्य महिला से अवैध संबंध होने के आरोप लगाते हुए दोनों ने मिलकर महिला की हत्या के आरोप लगाए हैं।
महिला के मायके वालों का कहना है कि उन्हें अपनी बेटी की मौत की खबर भी गलत दी गई। उन्हें चक्कर आने से मौत होना बताया गया। जिसके बाद कुछ देर तक पीएम रूम के बाहर हंगामे की स्थिति भी निर्मित हुई। इस दौरान मृतक महिला के परिजन पति सहित अन्य महिला पर तत्काल पुलिस कार्यवाही की मांग करते नजर आए। उनका कहना था कि पहले पुलिस की कार्रवाई हो उसके बाद पोस्टमार्टम किया जाए। हालांकि पुलिस के आश्वासन और समझाइश के बाद महिला का पोस्ट मार्टम शुरू हुआ।
इस मामले को लेकर मृतक महिला के ससुर राधेश्याम जायसवाल ने कहा कि बहु घर में अकेली थी खुद उसी ने आत्महत्या कर ली। हत्या करने के आरोप बेबुनियाद हैं। मेरा बेटा भी घर नहीं था। वह चने की फसल बेचने के लिए मंडी में गया था। जबकि सुरपाला निवासी महिला के भाई और चाचा ने आरोप लगाए कि दामाद के अन्य महिला से अवैध संबंध थे। इसीलिए पति उनकी बेटी के साथ भी आए दिन मारपीट कर प्रताड़ित करते थे। महिला के दो छोटे छोटे बच्चे हैं। वह आत्महत्या जैसा घातक कदम नहीं उठा सकती है। मामले की पूरी जांच कर आरोपियों पर सख्त से सख्त से कारवाई की मांग करते हैं। एसपी धर्मराज मीना ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बयानों के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।