Punjab Kesari MP ads

Gwalior में बारिश का असर! तिघरा बांध के 3 गेट खोले, नदी में छोड़ा गया पानी

Friday, Sep 11, 2026-09:35 PM (IST)

ग्वालियर। (अंकुर जैन): शहर और आसपास के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते तिघरा बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। भारी बारिश की चेतावनी और बांध में बढ़ती पानी की आवक को देखते हुए शुक्रवार शाम तिघरा बांध के तीन गेट खोल दिए गए। तीनों गेटों को 9-9 इंच खोला गया, जिसके बाद सांक नदी में करीब 1040 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ा गया।जलस्तर बढ़ने की सूचना के बाद जल संसाधन विभाग के अधिकारी लगातार बांध की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं, ग्वालियर नगर निगम की महापौर शोभा सिकरवार भी तिघरा बांध पहुंचीं और मौके पर जलस्तर तथा पानी की निकासी की स्थिति का निरीक्षण किया।

दरअसल, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे तिघरा बांध का जलस्तर 739.40 फीट दर्ज किया गया था। दिनभर कैचमेंट क्षेत्र में हुई बारिश के चलते बांध में पानी की आवक बढ़ने लगी। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए दोपहर करीब डेढ़ बजे जल संसाधन विभाग की ओर से गेट खोले जाने की सूचना जारी कर दी गई थी।

PunjabKesariशाम करीब 5 बजे तक तिघरा बांध का जलस्तर 739.50 फीट से अधिक पहुंच गया। जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी और मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए शाम करीब 6:30 बजे बांध के तीन गेट 9-9 इंच खोल दिए गए। इसके बाद करीब 1040 क्यूसेक अतिरिक्त पानी सांक नदी में छोड़ा गया।

गेट खोले जाने की सूचना मिलने के बाद नगर निगम की महापौर शोभा सिकरवार भी तिघरा बांध पहुंचीं। उन्होंने मौके पर बांध की स्थिति का जायजा लिया और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से जलस्तर, पानी की आवक और जल निकासी को लेकर जानकारी ली।

महापौर ने अधिकारियों को पानी की निकासी के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान मेयर-इन-काउंसिल के सदस्य विनोद यादव माठू, प्रेमलता धर्मेंद्र जैन, नाथूराम ठेकेदार, संध्या कुशवाह और मोनिका शर्मा समेत जल संसाधन विभाग एवं नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

फिलहाल लगातार हो रही बारिश के बीच तिघरा बांध के जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार नजर रखी जा रही है। बांध में पानी की आवक बढ़ने की स्थिति में आगे भी गेटों की स्थिति में बदलाव किया जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News