Punjab Kesari MP ads

युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सह सचिव की बढ़ी मुश्किलें, पुलिस ने दर्ज किया मामला

Tuesday, Sep 22, 2026-02:26 PM (IST)

डेस्क : युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सह सचिव प्रीति मांझी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। उनके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और धमकी देने के आरोप में गौरेला पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोप में प्रीति मांझी के माता-पिता भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत लालपुर के सरपंच और सचिव ने अवैध कब्जा करने की कोशिश और सरकारी भवन निर्माण के दौरान हंगामा करने के आरोप में प्रीति मांझी और उनके माता-पिता के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।

जानकारी के मुताबिक, थाना गौरेला अंतर्गत ग्राम पंचायत लालपुर स्थित शासकीय भूमि पर महतारी सदन योजना के तहत भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपए की राशि स्वीकृत हुई थी। युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सह सचिव प्रीति मांझी और उनके पिता कलीराम माझी और माता ने इस भवन के निर्माण का विरोध किया और लगातार काम में विघ्न डाला। इससे पहले 3 सितंबर 2026 को सफाई कार्य के दौरान भी कार्य रुकवाया था, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी।

इसके बाद 19 सितंबर 2026 को दोपहर जब इंजीनियर भवन के लिए नक्शा तैयार कर रहा था तब तीनों घटनास्थल पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया।  इतना ही नहीं वहां मौजूद पंचायत प्रतिनिधियों एवं शासकीय कर्मचारियों को अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए कार्य बंद करा दिया। जबकि राजस्व विभाग के अभिलेखों और पटवारी की जांच के अनुसार इस बात की पुष्टि हुई है कि उक्त जमीन शासकीय स्वामित्व की रिक्त भूमि है इसमें प्रीति मांझी या उनके परिवार का कोई वैध अधिकार या कब्जा नहीं है।

सचिव अंजनी कुमार यादव एवं सरपंच इंदरनिया बाई की लिखित शिकायत के आधार पर गौरेला पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने और अधिकारियों को डराने-धमकाने के अपराध में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। थाना गौरेला पुलिस द्वारा सहायक उप-निरीक्षक कांति लाल वाणी के नेतृत्व में जांच शुरू कर दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News