बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे बैठे थे दो किसान... अगले ही पल हुआ ऐसा कि गांव में छा गया मातम
Monday, Jul 06, 2026-02:39 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया): मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बकस्वाहा विकासखंड के पाली गांव में खेत में बुवाई कर रहे दो किसान तेज बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे पन्नी ओढ़कर बैठ गए। लेकिन कुछ ही पलों बाद आसमान से गिरी आकाशीय बिजली ने दोनों की जिंदगी छीन ली।
मृतकों की पहचान राजू लोधी (40) और जुग्गन यादव (45) के रूप में हुई है। हादसे के समय दोनों अन्य किसानों के साथ खेत में काम कर रहे थे। बिजली गिरते ही खेत में अफरा-तफरी मच गई। साथी किसान तुरंत दोनों को बकस्वाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद पूरे पाली गांव में शोक की लहर है।

