धमधा में फिर खून से लाल सड़क! शादी में जा रहे दो की मौके पर मौत
Wednesday, Mar 25, 2026-12:40 PM (IST)
धमधा (हेमंत पाल): छत्तीसगढ़ के धमधा की सड़क एक बार फिर खून से लाल हो गई। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे दो लोगों की दर्दनाक सड़क हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। खुशियों से भरा माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गीरोधा थाना नंदिनी निवासी हरिश्चंद्र यादव (48 वर्ष) पिता माखन यादव और ग्राम खमतराई, बेरला निवासी पीतांबर उर्फ भोले (35 वर्ष) पिता झाड़ी राम, बरहापुर से धमधा की ओर एक शादी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार लक्ष्मी ट्रेवल्स की बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही धमधा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी रामनारायण ध्रुव ने बताया कि बस चालक के खिलाफ विधिवत कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
इस हृदयविदारक घटना से दोनों गांवों में शोक की लहर है। जहां एक ओर शादी के घर में बैंड-बाजे की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अब रोने-बिलखने की आवाजें गूंज रही हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
धमधा क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर यातायात व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कब थमेगी रफ्तार की यह लापरवाही और कब सुरक्षित होंगी क्षेत्र की सड़कें? फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और बस चालक पर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

