शादी की खुशियां मातम में बदली, सड़क हादसे में दुल्हन सहित चार की मौत

Monday, Mar 16, 2026-12:57 PM (IST)

शिवपुरी : दिल में हजारों अरमां लेकर घर से निकली दुल्हन एक ऐसे हादसे का शिकार हो गई कि शादी के पवित्र बंधन में बंधने से पहले ही उसे मौत खींच ले गई। जहां कुछ देर पहले जश्न का माहौल था, वहां अब मातम की चीख पुकार सुनाई दे रही थी। दर्दनाक हादसा है मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले का। यहां कोलारस में एक जैन परिवार की शादी की खुशियां को ग्रहण लग गया। दर्दनाक सड़क हादसे में दुल्हन के जीजा की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दुल्हन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में कई और लोग घायल हुए हैं जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

शादी में जा रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार कोलारस निवासी जैन परिवार 10 मार्च को अपनी बेटी साक्षी जैन की शादी के लिए चार गाड़ियों में सवार होकर विदिशा जिले के गंजबासौदा जा रहा था। परिवार के सदस्य खुशी-खुशी विवाह समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

सामने से आ रही बोलेरो से हुई टक्कर

नईसराय-शाढ़ौरा रोड पर बरखेड़ा गांव के पास दूसरे नंबर पर चल रही अर्टिगा कार, जिसमें दुल्हन सवार थी, सामने से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर जीजा की मौत, कई लोग घायल

हादसे में दुल्हन के जीजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुल्हन साक्षी जैन, उसकी मां, एक डेढ़ साल की बच्ची और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों गाड़ियों के ड्राइवर भी इस दुर्घटना में गंभीर रूप से जख्मी हुए थे।

इलाज के दौरान दुल्हन ने तोड़ा दम

घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था। लेकिन रविवार 15 मार्च को दुल्हन साक्षी जैन ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही दोनों गाड़ियों के चालक भी इलाज के दौरान जिंदगी की जंग हार गए। इस दर्दनाक हादसे के बाद जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News