राज्य में क्या अब ये दिग्गज नेता संभालेंगे कांग्रेस की कमान? हाईकमान बदलने जा रहा है प्रदेश अध्यक्ष?
Saturday, Jul 11, 2026-05:13 PM (IST)
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंह देव का नाम एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। सोशल मीडिया पर उनके समर्थन में पोस्टर और संदेश तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें उन्हें प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपने की मांग की जा रही है।
सरगुजा सहित प्रदेश के कई कांग्रेस समर्थकों और स्थानीय नेताओं ने फेसबुक पर टी.एस. सिंह देव के पक्ष में अभियान छेड़ दिया है। 'आदिबाबा फैंस क्लब' समेत कई पेजों से साझा किए गए पोस्टरों में लिखा गया है कि संगठन के प्रति लंबे समय से समर्पित नेतृत्व को अब नई जिम्मेदारी मिलनी चाहिए। समर्थकों का दावा है कि टीएस बाबा के नेतृत्व में कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत हो सकता है।
हालांकि, इन चर्चाओं पर स्वयं टी.एस. सिंह देव ने बेहद संतुलित प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद का कोई निश्चित कार्यकाल नहीं होता। किसी भी प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के साथ समाप्ति की तारीख तय नहीं की जाती और जब तक पार्टी नेतृत्व जिम्मेदारी देता है, संबंधित नेता अपना दायित्व निभाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति या बदलाव का अधिकार केवल कांग्रेस हाईकमान के पास है। ऐसे मामलों में अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व ही लेता है और उसी का सम्मान किया जाना चाहिए।
सोशल मीडिया पर चल रहे समर्थन अभियान को लेकर टी.एस. सिंह देव ने कहा कि कई बार समर्थक अपनी भावनाओं को सार्वजनिक कर देते हैं, लेकिन इस तरह की पोस्टों से बचना बेहतर होता है। उनके अनुसार, ऐसे अभियान अनावश्यक राजनीतिक अटकलों को जन्म देते हैं और संगठन के भीतर भ्रम की स्थिति भी पैदा कर सकते हैं।
फिलहाल कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष को लेकर कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है। बावजूद इसके, सोशल मीडिया पर टी.एस. सिंह देव के समर्थन में तेज हुई मुहिम ने प्रदेश की राजनीतिक सरगर्मियों को नई दिशा दे दी है। अब सबकी निगाहें कांग्रेस हाईकमान के अगले कदम पर टिकी हैं।

