श्मशान घाट तक रास्ता नहीं होने पर लोगों ने सड़क पर बनाई चिता, शर्मसार कर देने वाली तस्वीरें वायरल
Wednesday, Sep 23, 2026-07:50 PM (IST)
रायसेन (शिवलाल यादव) : मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के बाड़ी विकासखंड के खेरी मुगली गांव में मंगलवार शाम विकास की ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने अंतिम संस्कार की बुनियादी सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिए। गुस्साए ग्रामीणों ने श्मशान घाट तक पहुंचने के लिए रास्ता नहीं होने पर बटेरा-सिलवानी मार्ग पर ही बुजुर्ग महिला की अंतिम संस्कार के लिए चिता बनायी। गुस्साए ग्रामीणों ने गांव की आदिवासी महिला 80 वर्षीय रमपोबाई का शव सड़क पर रखकर वहीं चिता बना दी। जिंदगी भर की परेशानियों के बाद इंसान को उम्मीद होती है कि कम से कम मौत के बाद अंतिम सफर तो सम्मान के साथ पूरा होगा लेकिन रायसेन जिले के ग्राम खेरी मुगली में हालात कुछ ऐसे हैं कि अंतिम संस्कार के लिए भी ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाया।

तस्वीरें उस व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं, जहां किसी व्यक्ति की अंतिम यात्रा भी रास्ते के अभाव में परेशानी बन जाए। ग्राम खेरी मुगली में श्मशान घाट तक पहुंचने के लिए उचित मार्ग नहीं होने के चलते ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए बटेरा-सिलवानी मार्ग पर पहुंचना पड़ा। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हालात की जानकारी प्रशासन तक पहुंची तो अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया।

ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट तक पहुंचने के लिए स्थायी रास्ते की समस्या का समाधान होना जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी परिवार को अंतिम संस्कार के समय ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन के मौके पर पहुंचने के बाद फिलहाल स्थिति संभाल ली गई लेकिन श्मशान घाट तक रास्ते का स्थायी समाधान कब होगा, इसका अभी कोई समाधान नहीं निकला है।

