Punjab Kesari MP ads

पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा के बीच महिला की थमी सांसें, जानिए कैसे बिगड़ी अचानक तबीयत

Friday, Feb 13, 2026-11:56 AM (IST)

ग्वालियर/डबरा। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले की डबरा तहसील में आयोजित नवग्रह पीठ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान एक दुखद घटना सामने आई। प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा चल रही थी, तभी कथा सुनने पहुंचीं एक 65 वर्षीय महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्हें कार्डियक अरेस्ट आ गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

10 मिनट में बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान पुष्पा देवी (65 वर्ष) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के इटावा की निवासी थीं। वह इन दिनों ग्वालियर के सराफा बाजार स्थित अपने जीजा के घर आई हुई थीं। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे वह कथा पंडाल में पहुंचीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कथा शुरू होने के लगभग 10 मिनट बाद ही उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे अचेत होकर गिर पड़ीं।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई जा रही है।

श्रद्धालुओं में शोक

धार्मिक आयोजन में हुई इस अचानक घटना से पंडाल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालु स्तब्ध रह गए। आयोजन से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त किया है। फिलहाल परिजन महिला के पार्थिव शरीर को अपने गृह नगर ले जाने की तैयारी में हैं। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News