मैगी खाने के बाद युवक की हुई मौत, टूट गया पूरा परिवार
Saturday, Feb 07, 2026-07:10 PM (IST)
हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां मैगी खाने के बाद एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बेटे की मौत की खबर सुनते ही पूरा परिवार सदमे में है, वहीं पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
घटना हंडिया थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव की है। यहां रहने वाला 25 वर्षीय अरविंद झिझोरे ने घर पर मैगी बनाई और खाना खाने के बाद आराम करने चला गया। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उसकी जिंदगी का आखिरी खाना साबित होगा।
परिजनों के अनुसार, अरविंद के पिता सुरेश झिझोरे उस समय खेत पर गए हुए थे। शाम को जब वे घर लौटे और बेटे को जगाने की कोशिश की, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अरविंद बिस्तर पर बेसुध पड़ा था और उसके मुंह से झाग निकल रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध माना जा रहा है और खाने में किसी जहरीले पदार्थ की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल गांव में इस घटना को लेकर दहशत और कई तरह की चर्चाएं हैं।

