जशपुर में इंजीनियर पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, शादी रचाकर घर पहुंचते ही पुलिस ने किया गिरफ्तार
Monday, Feb 21, 2022-11:24 AM (IST)

जशपुर (योगेश यादव): छत्तीसगढ़ के जशपुर में एक इंजीनियर पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी इंजीनियर फरसाबहार जनपद में पदस्थ है। मामला तपकरा थाना क्षेत्र का है। दरअसल, तपकरा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने दूल्हे पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोपित दूल्हा अनिरुद्ध सिंह, जनपद पंचायत फरसाबहार में मनरेगा के तकनीकी सहायक के पद पर कार्यरत है।
युवती को अंधेरे में रखकर शादी की
पीड़िता ने पुलिस से शिकायत में बताया है कि आरोपित अनिरुद्ध से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस दौरान आरोपित ने शादी का वादा करके कई बार उसका यौन शोषण किया और शादी की बात कहने पर आरोपी कोई न कोई बहाना बनाकर टाल देता था। इस बीच आरोपी अनिरुद्ध सिंह ने पीड़िता को अंधेरे में रखकर ओडिशा के राउरकेला की युवती से विवाह करने की तैयारी में लग गया।
जैसे ही आरोपी दुल्हन लेकर घर आया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया
जब पीड़िता को इसकी भनक मिली तो उसके होश उड़ गए। वह तत्काल मामले की पतासाजी की। लेकिन इस बीच 18 फरवरी को अनिरुद्ध विवाह रचाने के लिए राउरकेला रवाना हो गया। प्रेमी के दगाबाजी से आहत पीड़िता सीधे पुलिस थाना पहुंची और अनिरुद्ध के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी कुनकुरी एसडीओपी मनीष कुंवर ने बताया कि एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए अनिरुद्ध सिंह के घर पहुंच गई और बारात के वापस लौटने का इंतजार करने लगी। अगले दिन जैसे ही अनिरुद्ध दुल्हन के साथ वापस घर पहुंचा। पुलिस उसे गिरफ्तार कर सीधे थाना ले आई।