आंध्र प्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा पर सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, एक करोड़ के इनामी खूंखार हिड़मा समेत 6 नक्सली ढेर

Tuesday, Nov 18, 2025-12:32 PM (IST)

सुकमा (आजाद सक्सेना) : आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ सीमा के घने वन क्षेत्र में मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई बड़ी मुठभेड़ में एक करोड़ के इनामी नक्सली हिड़मा समेत छह नक्सली मारे गये। जानकारी के अनुसार यह मुठभेड़ अल्लुरी सीताराम राजू जिले के मारेडमिल्ली थाना क्षेत्र के पामालेरू जंगल में आज सुबह हुई, जहां पिछले कई दिनों से नक्सलियों की गतिविधि और ठिकाने की सूचनाएं मिल रही थीं।

आज सुकमा में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। मुठभेड़ में पीएलजीए कमांडर हिड़मा और उसकी पत्नी के मारे जाने की खबर है। सूत्रों के अनुसार, कुख्यात माओवादी कमांडर मदवी हिड़मा (43) मारा गया है। फोर्स डीएनए टेस्ट करा रही है ताकि पूरी तरह से पुष्टि की जा सके। हिड़मा, जो कम से कम 26 घातक हमलों के लिए ज़िम्मेदार था जिनमें 2013 दरभा घाटी नरसंहार और 2017 सुकमा हमले शामिल हैं। लंबे समय से सुरक्षा बलों की निगरानी में था।

मुख्य तथ्य:

  • जन्म: 1981, पूवर्ति, सुकमा (छत्तीसगढ़)
  • पद: पीएलजीए बटालियन नंबर 1 का प्रमुख — माओवादियों की सबसे घातक हमलावर इकाई।
  • वह CPI (माओवादी) की सेंट्रल कमेटी का सबसे युवा सदस्य था।
  • वह बस्तर क्षेत्र से सेंट्रल कमेटी में शामिल होने वाला एकमात्र आदिवासी था।
  • उसके सिर पर 50 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
  • हिड़मा के साथ उसकी दूसरी पत्नी राजे (राजक्का) भी मारी गई।
  • असली नाम: संतोष

मुख्य हमले जिनमें वह शामिल था:

  • 2010 दंतेवाड़ा हमला: 76 सीआरपीएफ जवान शहीद

  • 2013 झीरम घाटी नरसंहार: 27 लोग मारे गए, जिनमें शीर्ष कांग्रेसी नेता शामिल
  • 2021 सुकमा-बीजापुर मुठभेड़: 22 सुरक्षा कर्मी शहीद

खुफिया जानकारी के आधार पर आंध्र सुरक्षा बलों ने आज सुबह लगभग छहबजे तलाशी ऑपरेशन शुरू किया। बलों के जंगल में आगे बढ़ते ही नक्सलियों ने भारी फायरिंग कर दी, जिसके बाद दो घंटे तक मुठभेड़ चलती रही। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभालते हुए मौके पर छह नक्सलियों के शव बरामद किए। तलाशी में हथियार, गोला-बारूद और नक्सली सामग्री की भी महत्वपूर्ण मात्रा मिली है।

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टलिंगम ने आज मीडिया को दिए बयान में कहा, 'सीमावर्ती क्षेत्र से एक बेहद अहम सूचना सामने आ रही है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है लेकिन शुरुआती संकेत बताते हैं कि यह वामपंथी उग्रवाद के उन्मूलन में देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि सिद्ध हो सकती है।' उनके अनुसार, मुठभेड़ स्थल और आसपास के इलाके को पूरी तरह घेर लिया गया है और तलाशी अभियान अभी भी जारी है। अधिकारियों ने बताया कि अतिरिक्त बल को अलटर् पर रखा गया है और आवश्यकता पड़ने पर ऑपरेशन का दायरा और बढ़ाया जाएगा। क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, जबकि ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाने की अपील की गई है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News