Punjab Kesari MP ads

MP BJP में क्या होने वाला है कुछ बड़ा? शिवराज-VD शर्मा-तोमर के बाद दिल्ली पहुंचे हेमंत खंडेलवाल, राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात

Thursday, Aug 13, 2026-05:20 PM (IST)

भोपाल। मध्य प्रदेश बीजेपी में इन दिनों दिल्ली की राजनीतिक सक्रियता ने सियासी चर्चाओं को तेज कर दिया है। पिछले कुछ दिनों में प्रदेश के कई बड़े नेताओं की केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकातें हुई हैं। इन मुलाकातों को दतिया उपचुनाव में पार्टी को मिली हार, संगठन के भीतर कथित भीतरघात और आगामी राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

दतिया उपचुनाव के नतीजे सामने आने के बाद पार्टी के भीतर हार के कारणों को लेकर फीडबैक और समीक्षा का दौर शुरू हुआ है। इसी बीच मध्य प्रदेश से जुड़े कई प्रमुख नेताओं का दिल्ली पहुंचना और केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात करना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद मध्य प्रदेश बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद वीडी शर्मा ने भी प्रधानमंत्री से मुलाकात की। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात हुई। अब इस कड़ी में मध्य प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी दिल्ली पहुंचे हैं।

हेमंत खंडेलवाल ने गुरुवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन से नई दिल्ली में सौजन्य भेंट की। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी साझा की। उनके मुताबिक, मुलाकात के दौरान संगठनात्मक विषयों और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर सार्थक चर्चा हुई।

हालांकि, पार्टी की ओर से इसे संगठनात्मक बैठक और शिष्टाचार मुलाकात बताया गया है, लेकिन जिस समय यह दिल्ली दौड़ तेज हुई है, उसने मध्य प्रदेश की राजनीति में अटकलों को जरूर हवा दे दी है। दतिया उपचुनाव के परिणाम के बाद संगठन के स्तर पर हार की वजहों, कार्यकर्ताओं की भूमिका और चुनावी प्रबंधन को लेकर फीडबैक जुटाए जाने की चर्चाएं पहले से चल रही हैं।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या दिल्ली में हो रही इन बैठकों में केवल आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों पर चर्चा हो रही है या फिर दतिया की हार के बाद पार्टी के भीतर उठे सवालों पर भी केंद्रीय नेतृत्व गंभीरता से फीडबैक ले रहा है?

फिलहाल बीजेपी की ओर से किसी बड़े बदलाव या कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है। लेकिन लगातार हो रही दिल्ली मुलाकातों ने मध्य प्रदेश के राजनीतिक तापमान को जरूर बढ़ा दिया है। आने वाले दिनों में इन बैठकों का असर संगठन और प्रदेश की राजनीति में किस रूप में दिखाई देता है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News