शिवपुरी में चालान पर बवाल! आरक्षक से मारपीट, BJP जिलाध्यक्ष ने पुलिस पर लगाए आरोप तो TI बोले- 1% गलती हुई तो इस्तीफा दे दूंगा

Sunday, Feb 01, 2026-02:09 PM (IST)

शिवपुरी: शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र में शनिवार शाम वाहन चेकिंग के दौरान काटे गए चालान को लेकर बड़ा बवाल खड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आक्रोशित भीड़ ने ड्यूटी पर तैनात एक आरक्षक के साथ मारपीट कर उसकी वर्दी फाड़ दी और पत्थर मारकर उसका सिर फोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस पर मारपीट के आरोप लगाते हुए परिजनों ने थाने का घेराव कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। थाने के बाहर धरना रात करीब ढाई बजे तक चला।

चालान काटते ही बढ़ा विवाद, आरक्षक की फाड़ी वर्दी, फोड़ा सिर
घटना शनिवार शाम की है। रन्नौद थाने के बाहर पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान म्याना क्षेत्र निवासी मनोज जाटव अपनी कार से वहां पहुंचे। कार में उनकी गर्भवती पत्नी और अन्य परिजन सवार थे। पुलिस ने सीट बेल्ट और दस्तावेजों की जांच के बाद चालान काट दिया। इसी बीच मनोज का साला निलेश जाटव, जो रन्नौद का ही निवासी बताया जा रहा है, अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और पुलिस कार्रवाई का विरोध करने लगा। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि भीड़ में शामिल महिला-पुरुषों ने ड्यूटी पर तैनात आरक्षक अवधेश शर्मा को घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान आरक्षक के सिर पर पत्थर मारा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का करीब 9 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरक्षक के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। घायल आरक्षक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

गर्भवती महिला से मारपीट का आरोप
वहीं जाटव परिवार ने पुलिस पर आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान गर्भवती महिला और बच्चे के साथ मारपीट की गई, जिससे दोनों को चोट आई। इसी आरोप को लेकर परिजनों ने चक्काजाम और थाने का घेराव किया। हालांकि बाद में एक अन्य वीडियो सामने आया है, जिसमें महिला अपने बच्चे के साथ सामान्य स्थिति में घूमती नजर आ रही है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने पुलिस को घेरा
धरने के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने थाना प्रभारी और एसडीओपी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जरूरत से ज्यादा चालानी कार्रवाई से जनता में आक्रोश है। जिलाध्यक्ष ने थाना प्रभारी को तत्काल सस्पेंड करने और दोषी आरक्षकों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

TI का जवाब- एक प्रतिशत गलती हुई तो इस्तीफा
भाजपा जिलाध्यक्ष के आरोपों पर रन्नौद थाना प्रभारी ने भी अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि अगर एक प्रतिशत भी गलती उनकी पाई जाती है तो वह तत्काल इस्तीफा देने को तैयार हैं। उन्होंने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की बात भी कही। स्थिति बिगड़ती देख आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। देर रात एडिशनल एसपी संजीव मुले मौके पर पहुंचे और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। इसके बाद रात करीब 2:30 बजे धरना समाप्त हुआ। एसडीओपी संजय मिश्रा ने बताया कि घायलों की एमएलसी कराई गई है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vikas Tiwari

Related News