गरीबों की तीर्थ यात्रा योजना का लाभ ले रहे BJP विधायक! लिस्ट में दोनों पत्नियों का नाम, कांग्रेस ने कसा तंज
Monday, Sep 15, 2025-01:22 PM (IST)

राजगढ़ (धर्मराज सिंह) : मध्य प्रदेश के राजगढ़ में सीएम तीर्थ दर्शन योजना को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। मामला उस वक्त तूल पकड़ गया जब योजना की सूची में विधायक की दोनों पत्नियों के नाम सामने आए। कांग्रेस के पूर्व मंत्री और राजगढ़ जिला अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह खिची ने मामले में खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी पर सीधा हमला बोला है। प्रियव्रत सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि गरीबों और जरूरतमंदों के लिए बनी योजना में बीजेपी विधायक की दोनों पत्नियों के नाम शामिल होना सरकार और प्रशासन की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठाता है।
प्रियव्रत सिंह ने कहा, "विधायक जी खुद आयकरदाता हैं, फिर भी उनकी पत्नियों के नाम तीर्थ दर्शन योजना में आना क्या न्यायसंगत है? क्या उनका जमीर गवाह देता है कि गरीबों के हिस्से की योजना में अपने परिवार को शामिल करें? मैं किसी की निजी आलोचना नहीं कर रहा, बल्कि पारदर्शिता और न्यायसंगत उपयोग की बात कर रहा हूं।"
उन्होंने प्रशासन से भी सवाल किया कि क्या कलेक्टर की नजर में यही लोग सबसे गरीब हैं? सिंह ने स्पष्ट किया कि अगर सब कुछ नियमों के तहत हुआ है तो ठीक है, लेकिन अगर गड़बड़ी पाई गई, तो जिम्मेदार अधिकारियों को जवाब देना चाहिए।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत सोमवार को राजगढ़ से श्रद्धालुओं का दल कामाख्या देवी मंदिर (असम) के लिए रवाना होगा। इस विवाद ने योजना की निष्पक्षता और सरकारी प्रक्रियाओं की साख पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।