MP की BJP सांसद का तलाक, शादी के 9 साल बाद पति से हुआ कानूनी अलगाव
Monday, Sep 14, 2026-03:40 PM (IST)
अनूपपुर। मध्य प्रदेश की शहडोल लोकसभा सीट से भाजपा सांसद हिमाद्री सिंह और उनके पति नरेंद्र मरावी अब कानूनी रूप से अलग हो चुके हैं। करीब नौ साल पहले विवाह के बंधन में बंधे इस दंपती के रिश्ते में कुछ समय बाद ही मतभेद उभरने लगे थे। लंबे समय से अलग रह रहे दोनों ने आखिरकार आपसी सहमति से विवाह विच्छेद का रास्ता चुना। राजेंद्रग्राम जिला न्यायालय ने दोनों की सहमति के बाद तलाक की डिक्री पारित कर दी है। जानकारी के मुताबिक, 3 सितंबर 2026 को राजेंद्रग्राम जिला न्यायालय में दोनों के विवाह विच्छेद पर कानूनी मुहर लगी। सांसद हिमाद्री सिंह और नरेंद्र मरावी वर्ष 2021 से अलग रह रहे थे। इस दौरान दोनों के बीच वैवाहिक संबंधों को लेकर दूरी बनी रही और एक-दूसरे से मिलना-जुलना भी लगभग बंद हो गया था।
2017 में हुई थी शादी
हिमाद्री सिंह और नरेंद्र मरावी का विवाह 23 नवंबर 2017 को अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हुआ था। विवाह के बाद दोनों कुछ समय तक राजेंद्रग्राम में साथ रहे। इस दौरान दोनों के घर एक बेटी ने भी जन्म लिया। 20 जून 2019 को बेटी गिरिशा सिंह का जन्म हुआ।
हालांकि, शादी के कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच मतभेद सामने आने लगे। शुरुआत में छोटी-छोटी बातों को लेकर होने वाले विवाद धीरे-धीरे गंभीर होते गए। परिस्थितियां ऐसी बनीं कि दोनों ने अलग-अलग रहना शुरू कर दिया।
कोर्ट में हिमाद्री सिंह ने क्या कहा?
विवाह विच्छेद के लिए दायर आवेदन में हिमाद्री सिंह ने अपने वैवाहिक जीवन में उत्पन्न विवादों और लंबे समय से चली आ रही दूरी का उल्लेख किया था। उनका कहना था कि परिस्थितियां ऐसी हो चुकी हैं कि अब पति के साथ दोबारा वैवाहिक जीवन शुरू करने की कोई संभावना नहीं बची है। दूसरी ओर, नरेंद्र मरावी ने भी तलाक के लिए अपनी सहमति दे दी। दोनों पक्षों की सहमति और प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर न्यायालय ने विवाह विच्छेद की डिक्री पारित कर दी।
शादी के समय खूब चर्चा में रहा था रिश्ता
हिमाद्री सिंह और नरेंद्र मरावी की शादी वर्ष 2017 में काफी चर्चित रही थी। विवाह के बाद दोनों का दांपत्य जीवन कुछ समय तक साथ चला, लेकिन बाद में सामने आए मतभेदों के चलते दोनों अलग हो गए। करीब पांच साल तक अलग रहने के बाद अब इस रिश्ते का कानूनी रूप से भी अंत हो गया है। हिमाद्री सिंह वर्तमान में शहडोल लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद हैं। तलाक की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब दोनों अपने-अपने जीवन में आगे बढ़ेंगे।

