BJP के राष्ट्रीय संगठन में MP का दबदबा, इन 2 दिग्गज नेताओं को अचानक मिली बड़ी जिम्मेदारी, लिस्ट जारी
Thursday, Sep 10, 2026-02:36 PM (IST)
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के लिए अपने सात प्रमुख मोर्चों के प्रभारियों की घोषणा कर दी है। खास बात यह है कि भाजपा की इस नई जिम्मेदारी में मध्यप्रदेश की हिस्सेदारी सबसे मजबूत नजर आई है। पार्टी ने सात मोर्चों के लिए जिन नेताओं को प्रभारी बनाया है, उनमें दो नेता मध्यप्रदेश से हैं। भाजपा ने मध्यप्रदेश के वरिष्ठ नेता लाल सिंह आर्य को किसान मोर्चा और खरगोन से सांसद गजेंद्र सिंह पटेल को अल्पसंख्यक मोर्चे का प्रभारी बनाया है। दोनों नेताओं को संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद मध्यप्रदेश भाजपा के लिहाज से इसे बड़ी नियुक्ति माना जा रहा है।
वहीं उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को युवा मोर्चा और आंध्र प्रदेश की वरिष्ठ नेता डी. पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजस्थान के वरिष्ठ नेता सतीश पूनिया को ST मोर्चा, हरियाणा के संजय भाटिया को SC मोर्चा और ओडिशा के बैजयंत पांडा को OBC मोर्चे का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
MP के लाल सिंह आर्य और गजेंद्र पटेल को बड़ी जिम्मेदारी
लाल सिंह आर्य मध्यप्रदेश की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। गोहद से कई बार विधायक रह चुके आर्य, शिवराज सिंह चौहान सरकार में मंत्री भी रहे हैं। इसके अलावा वे भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। अब उन्हें किसान मोर्चे की संगठनात्मक जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं गजेंद्र सिंह पटेल खरगोन लोकसभा सीट से लगातार दो बार सांसद चुने जा चुके हैं। 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करने वाले पटेल को अब अल्पसंख्यक मोर्चे का प्रभारी बनाया गया है। उनके सामने देशभर में मोर्चे के संगठन को मजबूत करने और पार्टी की गतिविधियों को राज्यों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी।
सिर्फ नाम की नियुक्ति नहीं, संगठन विस्तार का जिम्मा
भाजपा ने इन सातों प्रभारियों को केवल पद नहीं दिया है, बल्कि संगठन विस्तार से जुड़ा महत्वपूर्ण काम भी सौंपा है। ये नेता संबंधित मोर्चों के अध्यक्षों के साथ समन्वय कर राष्ट्रीय कार्यकारिणी तैयार करने, प्रदेश प्रभारियों के चयन और राज्यों में मोर्चों की टीम खड़ी करने में भूमिका निभाएंगे।
पार्टी की रणनीति साफ है कि युवा, महिला, किसान, SC, ST, OBC और अल्पसंख्यक वर्ग तक संगठन की पहुंच को और मजबूत किया जाए। ऐसे में सातों मोर्चों के प्रभारी आने वाले समय में भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
सात मोर्चे, सात चेहरे
भाजपा की ओर से घोषित जिम्मेदारियों के मुताबिक हरीश द्विवेदी-युवा मोर्चा, डी. पुरंदेश्वरी-महिला मोर्चा, सतीश पूनिया-ST मोर्चा, संजय भाटिया-SC मोर्चा, बैजयंत पांडा-OBC मोर्चा, लाल सिंह आर्य-किसान मोर्चा और गजेंद्र सिंह पटेल-अल्पसंख्यक मोर्चा की जिम्मेदारी संभालेंगे। इन नियुक्तियों में मध्यप्रदेश के दो नेताओं को महत्वपूर्ण मोर्चों की जिम्मेदारी मिलना प्रदेश भाजपा के लिए खास राजनीतिक और संगठनात्मक संदेश माना जा रहा है। आने वाले दिनों में इन नेताओं की भूमिका पार्टी के राष्ट्रीय संगठन को राज्यों और जमीनी स्तर तक मजबूत करने में अहम रहने वाली है।

