5 करोड़ दो, वरना अंजाम भुगतो...इंदौर के बिजनेसमैन को लॉरेंस गैंग की धमकी, दहशत में परिवार
Friday, Feb 13, 2026-02:43 PM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी): इंदौर शहर के उपनगर महू में एक प्रतिष्ठित व्यापारी परिवार को लॉरेंस विश्नोई गैंग के नाम पर पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। हॉस्पिटैलिटी व्यवसाय से जुड़े मेवाड़ा परिवार के बेटे विक्रम मेवाड़ा को फोन पर धमकी दी गई, जिसके बाद उन्होंने महू के एडिशनल एसपी को शिकायती आवेदन सौंपा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, विक्रम मेवाड़ा को एक अज्ञात कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को लॉरेंस विश्नोई गैंग से जुड़ा बताया। कॉलर ने गोवा में खरीदी गई करोड़ों की प्रॉपर्टी का जिक्र करते हुए पांच करोड़ रुपये देने की मांग की। करीब डेढ़ मिनट चली इस बातचीत में पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कॉल “प्राइवेट नंबर” से आया था और स्क्रीन पर कोई नंबर प्रदर्शित नहीं हो रहा था। घटना के बाद विक्रम मेवाड़ा और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनके प्रतिष्ठानों पर निजी सुरक्षा गार्ड भी तैनात किए गए हैं।
ग्रामीण एडिशनल एसपी रुपेश द्विवेदी ने बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि धमकी वास्तव में लॉरेंस विश्नोई गैंग द्वारा दी गई है या किसी ने गैंग के नाम का दुरुपयोग कर भय पैदा करने की कोशिश की है। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

