इंदौर में दूषित पानी से 32वीं मौत: अलका लांबा ने मंत्री और महापौर पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की
Monday, Feb 02, 2026-08:14 PM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी) : मध्य प्रदेश के इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से सोमवार को 32वीं मौत हो गई। इंदौर के बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती 65 वर्षीय अनीता कुशवाह ने दम तोड़ दिया। वह पिछले एक महीने से अस्पताल में भर्ती थी। इसके साथ ही विपक्ष एक बार फिर भाजपा सरकार पर हमलावर हो गया है। जहां एक ओर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं कांग्रेस की महिला शाखा की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने सोमवार को मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और शहर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव समेत तमाम जिम्मेदार लोगों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। पेयजल से हुई मौतों को लेकर सुर्खियों में रहा भागीरथपुरा, विजयवर्गीय के विधानसभा क्षेत्र 'इंदौर-1' में आता है।

लांबा ने इंदौर प्रेस क्लब में 'प्रेस से मिलिए' कार्यक्रम के दौरान कहा,''भारतीय जनता पार्टी के राज में इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल से 32 लोगों की मौत हो गई है। इसके लिए विजयवर्गीय, भार्गव और संबंधित प्रशासनिक अफसरों पर हत्या का मामला दर्ज होना चाहिए। इन लोगों में जरा भी नैतिकता और शर्म बची हो, तो उन्हें अपने पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।'' उन्होंने भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी के बारे में कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर राज्य के एक अन्य कैबिनेट मंत्री विजय शाह पर भी निशाना साधा और कहा कि शाह को एक मिनट भी पद पर रहने का अधिकार नहीं है।

उच्चतम न्यायालय ने 19 जनवरी को राज्य सरकार को निर्देश दिए थे कि वह कर्नल कुरैशी को लेकर विवादित टिप्पणियों के लिए कैबिनेट मंत्री के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी देने पर दो सप्ताह के भीतर फैसला करे। लांबा ने संसद में सोमवार को हुए घटनाक्रम का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय पर सदन में बोलने नहीं दिया जा रहा है। राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे के संस्मरण के मसौदे के कुछ अंशों का हवाला देकर सदन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पर निशाना साधने का प्रयास किया, जिस पर सत्ता पक्ष और कांग्रेस के सदस्यों के बीच तीखी नोक-झोंक एवं हंगामा देखने को मिला तथा सदन की कार्यवाही बाधित हुई। बाद में सदन की बैठक मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने रविवार को पेश आम बजट की घोषणाओं को खोखली करार देते हुए केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य बुनियादी क्षेत्रों में सरकारी खर्च में कटौती हुई है। लांबा ने देश भर के विद्यालयों में छात्राओं को नि:शुल्क सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने के उच्चतम न्यायालय के हालिया निर्देशों का स्वागत किया। उन्होंने कहा,''महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता हर विद्यालय में इन निर्देशों की प्रति लेकर जाएंगी ताकि वहां इनका पालन सुनिश्चित हो सके।

