CRPF में सिलेक्शन नहीं हुआ तो डिप्रेशन में आया 12वीं का टॉपर, मां-बाप और भाई को उतारा मौत के घाट
Thursday, Feb 19, 2026-06:39 PM (IST)
MP Triple Murder Case: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 12वीं में टॉप करने वाले युवक ने अपने ही माता-पिता और भाई की बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि 5 साल के भांजे पर भी जानलेवा हमला किया। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के बाद आरोपी घर का दरवाजा बंद कर तीनों शवों के पास चुपचाप बैठा रहा।
पड़ोसियों को दोपहर तक घर से कोई हलचल नहीं दिखी तो अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे ग्रामीणों के सामने खौफनाक मंजर था—फर्श और दीवारों पर खून बिखरा पड़ा था और आरोपी घटनास्थल पर मौजूद था। मौके से लोहे की रॉड और डंडे बरामद किए गए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी पिछले 4-5 साल से मानसिक रूप से अस्थिर था और इलाज के लिए नागपुर भी गया था। उसने CRPF भर्ती परीक्षा दी थी, लेकिन चयन न होने के बाद उसकी हालत और बिगड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

