दिग्विजय सिंह का राजनीति से संन्यास का कोई इरादा नहीं! पूर्व PM वाजपेयी के शब्दों का दे दिया हवाला

Thursday, Dec 18, 2025-08:03 PM (IST)

एमपी डेस्क : मध्य प्रदेश कांग्रेस के कद्दावर नेता व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनका राजनीति से रिटायरमेंट लेने का कोई इरादा नहीं है। दिग्विजय सिंह के इस बयान के बाद राजनीतिक पारा चढ़ गया है। उनका यह बयान लोकमत संसदीय अवॉर्ड्स अंतर्गत लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित होने के उपरांत सामने आया है।

17 दिसंबर को दिल्ली में लोकमत संसदीय अवॉर्ड्स समारोह का आयोजन किया गया था। जहां दिग्विजय सिंह सहित आठ सांसदों को उनके उल्लेखनीय संसदीय योगदान के लिए विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। इनमें डीएमके सांसद टीआर बालू, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह, भाजपा की संगीता कुमारी सिंह देव, भाजपा सांसद जगदंबिका पाल, तृणमूल कांग्रेस की डोला सेन, राज्यसभा मनोनीत सांसद सुधा मूर्ति और समाजवादी पार्टी की इकरा चौधरी को विभिन्न श्रेणियों में अवॉर्ड दिए गए। दिग्विजय सिंह को भी लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड 2025 से सम्मानित किया गया।

 “मैं रिटायर नहीं हो रहा हूं”- दिग्विजय सिंह

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों के सवालों के जवाब मे दिग्विजय सिंह ने कहा “लाइफटाइम अवॉर्ड उसे दिया जाता है, जिसे संदेश दिया जाना हो कि तुम्हारा काम हो गया..अब रिटायर हो जाओ।” साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का कथन का उदाहरण देते हुए मजाकिया लहजे में कहा कि “वाजपेयी जी ने कहा था कि न मैं टायर्ड हूं न मैं रिटायर हूं।” कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि 78 की उम्र में दिग्विजय सिंह का ये करारा सा जवाब एक बड़ा इशारा है कि दिग्विजय सिंह का आने वाले समय में राजनीति से सन्यास का कोई इरादा नहीं है। भले ही ये बात उन्होंने इशारों इशारों में कही हो लेकिन विपक्षी पार्टियां जो उम्र का हवाला देकर हमेशा कटघरे में खड़ा करती है, उनके लिए ये स्पष्ट तौर पर चेतावनी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News