भोली सूरत कातिल इरादे...महिलाओं के कारनामें सुन दंग रह जाएंगे आप! 7 लड़कों के साथ पकड़ी गई
Friday, Feb 27, 2026-05:46 PM (IST)
पन्ना (टाइगर खान) : देखने में खूबसूरत और भोली भाली सूरत, जो हमेशा किसी बड़े शिकार की ताक में रहती है। जी हां एक ऐसा गिरोह जो शादी के नाम पर लोगों को गुमराह करता और फिर मौका देखते ही सामने वाले को आर्थिक और मानसिक तौर से शोषण करके नौ दो ग्यारह हो जाता। लेकिन इस बार यह गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इसमें एक दो नहीं बल्कि पूरे 9 लोग गिरफ्तार हुए हैं।

कहानी पन्ना जिले की है। जहां पुलिस ने एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए शादी के नाम पर लूटपाट करने वाली 'लुटेरी दुल्हन' गैंग के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह स्कार्पियो में सवार होकर वारदात को अंजाम देता था। मामला बृजपुर थाना क्षेत्र का है। फरियादी बसंत लाल त्रिपाठी को लल्लू चौधरी नाम के बिचौलिए ने शादी का झांसा दिया। जब फरियादी लड़की देखने पहुंचा, तो गिरोह के सदस्यों ने उसे डराया-धमकाया और अपहरण कर सुनसान इलाके में ले गए। यहां बदमाशों ने बंदूक की नोक पर फरियादी से 20 हजार नकद, 80 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए और उसका टैबलेट भी लूट लिया।

एसपी निवेदिता नायडू के निर्देशन में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और 9 आरोपियों को दबोच लिया, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल सफेद स्कार्पियो, अपाचे बाइक, 10 मोबाइल और फर्जी शादी के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला मेकअप किट बरामद किया है। आरोपी रीवा, सतना और छतरपुर के रहने वाले हैं। फिलहाल, गिरोह के मुख्य सरगना लल्लू चौधरी सहित 3 सदस्य फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

