मुस्लिम दुकानदार को बचाने वाले ‘दीपक’ पर FIR दर्ज, दिग्विजय बोले- गुंडे बजरंग दल से घबराओ मत, पूरा देश आपके साथ है
Tuesday, Feb 03, 2026-01:37 PM (IST)
भोपाल: उत्तराखंड में मुस्लिम दोस्त के लिए बजरंग दल से टकराने वाले दीपक को अब कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह का भी समर्थन मिला है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए दिग्विजय ने लिखा है कि दीपक डरो मत, पूरा देश आपके साहस का प्रशंसक बन चुका है।
जानिए कौन हैं दीपक, और क्या है पूरा मामला?
उत्तराखंड के शांत माने जाने वाले शहर कोटद्वार में एक ऐसा वाकया सामने आया, जिसने देशभर का ध्यान खींच लिया। मामला न किसी चुनाव का था, न किसी बड़े आंदोलन का, बल्कि एक आम दुकानदार, एक उग्र भीड़ और बीच में खड़ा एक युवक… जिसने हालात बिगड़ने से पहले उन्हें संभाल लिया। यह कहानी है दीपक कुमार की एक ऐसे हिंदू युवक, जिसने खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताकर संभावित सांप्रदायिक टकराव को रोकने की कोशिश की।
जबरन दुकान का नाम बदलने पर डटे थे बजरंग दल कार्यकर्ता
दरअसल, विवाद की जड़ बनी कोटद्वार की एक दुकान ‘बाबा स्कूल ड्रेस एंड मैचिंग सेंटर’… दुकान के मालिक करीब 70 वर्षीय वकील अहमद पर दबाव बनाया जा रहा था कि वे अपनी दुकान का नाम बदलें। बिना किसी सरकारी आदेश या नोटिस के, कथित तौर पर भीड़ द्वारा बुजुर्ग दुकानदार से बदतमीजी की जा रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद जिम ट्रेनर दीपक कुमार ने हालात को बिगड़ते देखा। उनके मुताबिक, देहरादून से आए करीब डेढ़ से दो सौ लोगों का समूह नारेबाजी और गाली-गलौज कर रहा था।
बजरंग दल से भिड़ा दीपक, नाम बताया 'मोहम्मद दीपक'
माहौल इतना तनावपूर्ण था कि किसी भी पल हिंसा भड़क सकती थी। जब दीपक से उनका नाम पूछा गया, तो उन्होंने जानबूझकर कहा ‘मेरा नाम मोहम्मद दीपक है, बताओ क्या करना है?’ यह सुनते ही भीड़ कुछ पल के लिए ठिठक गई। दीपक साफ कहते हैं कि उन्होंने न तो धर्म बदला, न पहचान छुपाई। उनका असली नाम दीपक कुमार है और वे हिंदू हैं। लेकिन उस वक्त उन्हें लगा कि अगर वे उसी पहचान से खुद को जोड़ लें, जिसे निशाना बनाया जा रहा है, तो शायद सामने वालों को अपनी हरकतों का एहसास हो। दीपक कहते हैं ‘मैं हिंदू हूं, लेकिन उससे पहले हिंदुस्तानी हूं। अगर हम एक-दूसरे को दुश्मन मान लेंगे, तो देश कैसे चलेगा?’ घटना के बाद मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। किसी ने दीपक को कांग्रेस समर्थक बताया, किसी ने किसी संगठन से जोड़ा। खुद दीपक का कहना है कि उनका किसी राजनीतिक दल या संगठन से कोई लेना-देना नहीं है।
दीपक के खिलाफ भी दर्ज हुई FIR
इस मामले में पुलिस ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर मामला तो दर्ज किया है, साथ ही दीपक के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है। पुलिस जांच जारी होने की बात कह रही है। इस पूरे विवाद का असर दीपक की रोज़ी-रोटी पर भी पड़ा है। उसका कहना है कि उनका जिम कई दिनों से बंद है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घर में मां, पत्नी और पांच साल की बेटी हैं और डर सिर्फ अपने लिए नहीं, परिवार के लिए है।
कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने की दीपक की तारीफ...
इसी बीच कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दीपक का समर्थन करते हुए लिखा कि ‘दीपक डरो मत, पूरा देश आपके साहस का प्रशंसक बन चुका है।’ कोटद्वार की यह घटना अब सिर्फ एक स्थानीय विवाद नहीं रही, बल्कि देशभर में साहस, संवैधानिक अधिकार और सामाजिक सौहार्द की मिसाल बन गई है।

