MP के इस जिले में संडे को लगेंगे स्कूल, मंडे को रहेगी छुट्टी, शिक्षा विभाग का आदेश जारी
Saturday, Aug 01, 2026-09:28 PM (IST)
उज्जैन (विशाल सिंह) : मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में स्कूलों में बड़ा बदलाव किया गया है। नए आदेश के मुताबिक, रविवार को स्कूल खुले रहेंगे और सोमवार को छुट्टी रहेगी। यह आदेश पूरे जिले में एक महीने तक रहेंगे। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
दरअसल, विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सावन माह के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने से शहर में हर सोमवार भारी भीड़ और यातायात का दबाव देखने को मिलता है। बाबा महाकाल की पारंपरिक सवारी निकलने के कारण दोपहर से ही शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू कर दिए जाते हैं, जिससे आमजन के साथ-साथ स्कूली विद्यार्थियों को भी आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए उज्जैन जिला प्रशासन ने गत वर्ष सावन के सोमवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया था और उसकी भरपाई के लिए रविवार को विद्यालय संचालित करने का आदेश जारी किया था। इस व्यवस्था से विद्यार्थियों और अभिभावकों को काफी राहत मिली थी। इस वर्ष भी जिला प्रशासन इसी व्यवस्था को लागू कर दिया गया है।
गौरतलब है कि सावन के प्रत्येक सोमवार को शाम 4 बजे बाबा महाकाल की सवारी निकलती है। इसके चलते दोपहर करीब 1 बजे से ही कई मार्ग बंद कर दिए जाते हैं और बैरिकेडिंग की जाती है, जिससे शहर में यातायात प्रभावित रहता है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सोमवार को अवकाश और रविवार को स्कूल संचालन का निर्णय एक बार फिर लिया गया है।

