MP की राजनीति में बड़ा उलट फेर, ये नेता थामेंगे कांग्रेस का हाथ ! नकुलनाथ बोले- छिंदवाड़ा से घर वापसी की शुरुआत हुई
Saturday, Oct 17, 2026-07:51 PM (IST)
छिंदवाड़ा (साहुल सिंह) : मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना ने कांग्रेस में वापसी की है। अमित सक्सेना ने कल शुक्रवार को भाजपा की प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस फैसले को जिले में भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। इस दौरान पूर्व सांसद नकुलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश में घर वापसी की शुरुआत छिंदवाड़ा से हुई है। इस दौरान जिला कांग्रेस कार्यालय के सामने आतिशबाजी हुई और भारी मात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नकुलनाथ ने आरोप लगाते हुए कहा कि सीएम मोहन यादव पांढुर्णा दौरे में किए किसानों के वादों को भूल गए हैं। हमारी मांग है कि सरकार छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले को सूखाग्रस्त घोषित करें।

किसानों के मुद्दे पर आंदोलन के बाद बढ़ा था विवाद
अमित सक्सेना का यह कदम किसानों के मुद्दे पर हाल ही में किए गए आंदोलन और भाजपा संगठन के साथ बढ़े विवाद के बाद सामने आया है। दो दिन पहले ही उन्होंने किसानों की समस्याओं को लेकर विशाल आमसभा की थी और कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्य शासन के नाम ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने छिंदवाड़ा को सूखाग्रस्त घोषित करने, चौसरा में प्रस्तावित न्यूक्लियर प्लांट का काम रोकने, किसानों को चार गुना मुआवजा देने तथा पानी की व्यवस्था के लिए कुएं और ट्यूबवेल खुदवाने जैसी मांगें उठाई थीं।

