MP : शिवपुरी पुलिस ने पकड़ी साढ़े 6.21 करोड़ की चरस, आरोपी गिरफ्तार, संपत्ति भी होगी जब्त
Saturday, Sep 06, 2025-06:31 PM (IST)

शिवपुरी (भूपेंद्र सिंह) : मध्य प्रदेश की शिवपुरी पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 30 किलो 295 ग्राम चरस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने बताया इस साल की यह सबसे बड़ी कार्रवाई है। उन्होने बताया कि प्रदेश स्तर पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।
शिवपुरी पुलिस अब जागरूकता के साथ-साथ कार्रवाई पर भी ज़्यादा ध्यान दे रही है। इसी कड़ी में, पुलिस ने कोटा-झांसी हाईवे के पास स्थित मझेरा गांव से संदीप सिंह पुत्र हरिवंश सिंह सिख उम्र 38 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी संदीप आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ पहले भी छह मामले दर्ज हैं। वह राजस्थान के कुछ लोगों को चरस सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी से काफी संपत्ति अर्जित की है, जिसकी जांच की जा रही है। एनडीपीएस एक्ट के तहत उसकी संपत्ति को भी जब्त किया जा सकता है।
पुलिस ने जानकारी दी कि इस साल की यह सबसे बड़ी कार्रवाई है। अन्य कार्रवाइयों को मिलाकर, पुलिस ने अब तक 10 करोड़ रुपये से ज़्यादा के मादक पदार्थ जब्त किए हैं, जिनमें चरस, गांजा और स्मैक शामिल हैं। पुलिस ने समाज से भी इस अभियान में सहयोग करने और युवाओं को नशे से दूर रखने की अपील की है।