भोपाल देहात जोन की कमान संभालेंगी IPS रुचि वर्धन मिश्रा, बेहतर पुलिसिंग और संवेदनशील कार्यशैली के लिए बना चुकी पहचान
Saturday, Jul 04, 2026-12:47 PM (IST)
भोपाल (इजहार खान) : मध्य प्रदेश गृह विभाग ने देर रात नौ आईपीएस अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में 2006 बैच की वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रुचि वर्धन मिश्रा को भोपाल देहात जोन का नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) बनाया गया है।
रुचि वर्धन मिश्रा मध्य प्रदेश पुलिस की अनुभवी और कुशल अधिकारियों में गिनी जाती हैं। वे इससे पहले इंदौर की एसएसपी के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। इंदौर में उनके कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और संवेदनशील मामलों के प्रभावी प्रबंधन को लेकर उनकी कार्यशैली की सराहना हुई थी। वे इंदौर की पहली महिला एसएसपी भी रह चुकी हैं। इसके अलावा, उन्होंने भोपाल में रेल एसपी के रूप में भी सेवाएं दी हैं और पुलिस मुख्यालय में प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं। विभिन्न जिलों और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में लंबे अनुभव के कारण उन्हें एक दक्ष और जनसरोकारों से जुड़ी अधिकारी माना जाता है।
पुलिस महकमे में उनकी पहचान अनुशासित, संवेदनशील और परिणामोन्मुखी अधिकारी के रूप में रही है। महिला सुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग और बेहतर प्रशासनिक समन्वय को लेकर उनकी पहल को हमेशा सकारात्मक रूप से देखा गया है। भोपाल देहात जोन की जिम्मेदारी मिलने के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने, जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित होने की उम्मीद जताई जा रही है।

